समाप्ति की कगार पर जदयू, नीतीश जिससे जुड़ेंगे वो कमजोर होगा – चिराग
पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होने कहा है कि जनता के बीच नीतीश कुमार की न तो विश्वसनीयता बची है और न ही उनका कोई भविष्य है. चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार की वजह से जदयू समाप्ति की कगार पर पहुंच गया है. एनजेपी नेता ने कहा कि जिस पार्टी का नेता ही दूसरी पार्टी के नेता को अपना नेता मान ले उस पार्टी का खत्म होना तय है. चिराग पासवान उस बयान की ओर इशारा कर रहे थे जिसमें नीतीश कुमार ने 2025 में तेजस्वी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही थी.

‘नीतीश कुमार की विश्वसनीयता नहीं, जहां जाते हैं वहां नेगेटिव वोटिंग होने लगती है’
नीतीश कुमार की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए चिराग पासवान ने कहा – वो जिस दल के साथ जुड़ेंगे वो कमजोर हो जाएगा. आज आलम ये है कि नीतीश कुमार जहां जाते हैं वहां नेगेटिव वोटिंग हो जाती है. नीतीश कुमार के नाम से ही वोटर दूसरी ओर भाग जाता है.
नीतीश कुमार ने पार्टी में दूसरों का हिस्सा भी छीना : चिराग पासवान
पूर्णिया में महागठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर चिराग ने कहा कि बिहार का महागठबंधन सबसे कमजोर गठबंधन है क्योंकि उसमें नीतीश कुमार शामिल हैं. चिराग पासवान ने जदयू नेता उपेंद्र कुशवाहा के बयान का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि शरद यादव के नेतृत्व में जदयू काफी आगे बढ़ी. लेकिन नीतीश कुमार ने न सिर्फ अपना बल्कि दूसरों का हिस्सा भी हथिया लिया.
छपरा कांड पर बोले चिराग, जातीयता का रंग देना मुख्यमंत्री की राजनीति का हिस्सा
छपरा में पीट-पीट कर दो लोगों की हत्या का ठीकरा भी
उन्होंने मुख्यमंत्री के सिर ही फोड़ा. चिराग पासवान ने कहा
कि जातीयता का रंग देना मुख्यमंत्री की राजनीति का हिस्सा है.
एलजेपी(रामविलास) प्रमुख ने कहा कि जिस तरह से तीन युवकों
को बांधकर बेरहमी से पीटा गया वो खौफनाक है. उन्होने कहा कि
मुख्यमंत्री ही राज्य के गृहमंत्री भी हैं इसलिए जवाब तो उन्हे ही देना पड़ेगा.
चिराग ने कहा कि बिहार में अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म हो चुका है.
वो खुलेआम वारदातों को अंजाम देते हैं क्योंकि उन्हे सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है.
रिपोर्ट : राजीव कमल
- National Junior Kabaddi Championship: आखिरी रेड में पलटा पूरा खेल! दिल्ली ने पंजाब को एक अंक से हराकर मचाया रोमांच
- Patna Fake Bisleri Water Raid: पटना में पानी के नाम पर उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़? चार प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
- Muzaffarpur PNG Gas Pipeline Blast: गोबरसही-डुमरी में कैसे हुआ भीषण गैस विस्फोट? एक की मौत, छह अस्पताल में भर्ती
Highlights


















