पटनाः लोकसभा चुनावों के मद्देनजर महागठबंधन के उद्देश्य से जुटे विपक्षी दलों की दूसरे चरण की बैठक अब बेंगलुरु में होगी. इससे पहले तक बैठक का आयोजन शिमला में होनेवाला था. एनसीपी चीफ शरद पवार ने बैठक की जगह बदलने का ऐलान किया है. उन्होंने जानकारी दी है कि बेंगलुरु में 13 और 14 जुलाई को बैठक का आयोजन किया जाएगा. पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शरद पवार ने बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि ये सत्ता में रहे बिना नहीं रह सकते. राज्य में बीजेपी नेता सत्ता में रहने के लिए बेचैन हैं.

23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक के बाद अगली बैठक शिमला में होने वाली थी। लेकिन इसमें अब बदलाव किया गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीते 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक हुई थी. जिसमें यह फैसला लिया गया था कि विपक्षी दलों की बैठक 10 या 12 जुलाई को हिमाचल प्रदेश के शिमला में होगी. वही इसी बीच यह बैठक शिमला की जगह जयपुर में आयोजित किए जाने की भी चर्चा होनी शुरू हो गई थी. अब 14 जुलाई को आयोजित इस बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद गठबंधन के नाम और इसके संयोजक के नाम पर सहमति बनेगी.

















