खूंटी के अड़की में आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार किया है। शव पंगुरा जंगल से बरामद हुआ।
Khunti Crime News रांची: अड़की थाना क्षेत्र के बारूहातू गांव की एक आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या कर शव जंगल में फेंकने का मामला सामने आया है। युवती का शव रविवार को मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव के जंगल से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में उसके प्रेमी पंगुरा निवासी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों के अनुसार युवती और सागर के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था और दोनों साथ भी रहते थे। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गयी थी।
Khunti Crime News:दूसरी युवती को घर लाने के बाद बढ़ा विवाद
परिजनों का आरोप है कि युवती सागर पर उसे अपने साथ रखने का दबाव बना रही थी। इसी बीच सागर की नजदीकी कर्रा थाना क्षेत्र के पड़गांव की एक अन्य युवती से बढ़ गयी। बताया गया कि करीब डेढ़ से दो माह पहले सागर दूसरी युवती को ढुकू प्रथा के तहत अपने घर ले आया था। दूसरी युवती के घर आने की जानकारी मिलने के बाद पहली प्रेमिका दो सितंबर को सागर के पंगुरा स्थित घर पहुंची थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गयी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
Key Highlights
- खूंटी में आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या का मामला
- प्रेमी पर हत्या कर शव जंगल में फेंकने का आरोप
- पंगुरा गांव के जंगल से बरामद हुआ युवती का शव
- पुलिस ने आरोपी प्रेमी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया
- युवती और आरोपी के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था
Khunti Crime News:जंगल में मिला शव, पुलिस ने प्रेमी को पकड़ा
छह सितंबर को पंगुरा जंगल में एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। युवती के परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए युवती के प्रेमी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।


















