बाढ़ : बारिश के इस मौसम में एक ओर जहां सूबे बिहार के शहरों की सूरत बदरंग हो जाती है। वहीं सी ग्रेड का शहर मोकामा खूबसूरत और चकाचक दिख रहा है। शहर की सड़कों पर लोगों का चलना भी इस बरसात में आसान हो गया है। बारिश के मौसम के आगमन के पूर्व शहर के सभी 28 वार्डों की प्रमुख नालियों की युद्ध स्तर पर उड़ाही कर पानी निकासी की मुकम्मल व्यवस्था की गयी।
साथ ही सड़कों की सफ़ाई व्यवस्था ने भी मोकामा शहर को जल जमाव से आजादी दिलाई है। सफ़ाई मजदूरों ने दिन-रात एक कर नालियों की उड़ाही कर लोगों को परेशानियों से निजात दिलाया। आमतौर पर मोकामा शहर भी हर साल जल जमाव से त्राहिमाम करता रहा है। लेकिन इस साल वार्ड पार्षदों और कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार के अथक प्रयास से बरसात में भी शहर की खूबसुरती में चार चांद लगा रहा है।
रेल पुल की मिट्टी जमा होने से मोकामा-लखीसराय मार्ग पर घंटों परिचालन ठप
मोकामा प्रखंड के हाथीदह में निर्माणाधीन रेल पुल की मिट्टी पानी के बहाव में एनएच-80 पर जमा हो जाने से मोकामा-लखीसराय मार्ग पर घंटों परिचालन ठप रहा। इस रेल पुल का निर्माण कार्य कर रही एफकोन्स कंपनी की घोर लापरवाही से निर्माणाधीन रेल पुल की मिट्टी अंडर वाईपास में जमा हो गई।एनएच-80 पर अचानक भारी मात्रा में मिट्टी जमा हो जाने से गाड़ियों का परिचालन अवरूध हो गया।बाद में कंपनी अधिकारियों की कुभकर्णी तंद्रा भंग हुई और जेसीबी मशीन से सड़क पर जमा मिट्टी को हटाने का कार्य शुरु हुआ। कई घंटों की मशक्कत के बाद मोकामा-लखीसराय मार्ग पर परिचालन दुरुस्त हो गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। हाथीदह स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।

विकाश कुमार की रिपोर्ट
Highlights







