भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप 2023 का हाई वोल्टेज मैच अब से कुछ देर बाद खेला जाएगा. दोनों टीमें मैच के लिए स्टेडियम पहुंच चुकी है. वर्ल्ड कप 2023 के जिस मुकाबले का सभी क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार था, वो अब से कुछ देर बाद भारत और पाकिस्तान के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.
वर्ल्ड कप के इतिहास में ये भारत और पाकिस्तान की 8वीं टक्कर होगी. इससे पहले 7 बार टीम इंडिया जीत चुकी है. इस मैच से पहले बॉलीवुड सितारे परफॉर्म करेंगे. इसमें शंकर महादेवन, अरिजीत सिंह के अलावा नेहा कक्कड़ शामिल होंगे. इस मैच के दौरान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब एक लाख से अधिक दर्शक मौजूद रहेंगे.
भारतीय टीम 18 साल बाद अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ कोई वनडे मुकाबला खेलेगी. पिछली बार 2005 में जब दोनों टीमों की यहां टक्कर हुई थी. तब पाकिस्तान ने भारत को हराया था. भारतीय टीम उस हार का बदला लेना चाहेगी. भारत पाकिस्तान मैच जिस दिन भी होता है वह किसी त्योहार के कम नहीं होता है.
दोनों देश ही नहीं अन्य देश के नागरिक भी इस मैच का लुत्फ उठाते नजर आते हैं. इस दिन मैच नहीं बल्कि महामुकाबला होता है. भारत और पाकिस्तान मैच का इंतजार सिर्फ इन दो देशों के लोग नहीं बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट फैन्स को रहता है. उसमें भी भारत-पाकिस्तान का मैच वर्ल्ड कप में हो, फिर तो बात कुछ और ही होती है.




