पटना : देश के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पटना दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गयी है। बता दें कि महामहिम राष्ट्रपति बुधवार यानी 18 अक्टूबर को बिहार दौरे पर आ रही हैं। पटना एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक 100 से अधिक पुलिसकर्मी और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। साथ ही चार डीएसपी, दो आईपीएस अधिकारी, 15 इंस्पेक्टर, 25 दारोगा और 35 ट्रैफिक पुलिस कर्मी शामिल हैं। राजधानी पटना में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार से तीन दिन के बिहार दौरे पर रहेंगी। वे कल पटना में राज्य का चौथा कृषि रोडमैप 2023-28 लॉन्च करेंगी। इसके बाद वह गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली पटना सिटी में तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में पूजा-अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद उनका यह पहला बिहार दौरा है।
निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति दो केंद्रीय विश्वविद्यालयों और एम्स-पटना समेत कुल तीन दीक्षांत समारोहों में भाग लेंगी। अपनी यात्रा के दूसरे दिन 19 अक्टूबर को राष्ट्रपति पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। बाद में राष्ट्रपति एम्स-पटना के मेधावी छात्रों को डिग्री और पदक प्रदान करेंगी। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में राष्ट्रपति 20 अक्टूबर को दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कुमार गौतम की रिपोर्ट







