रांची: थोक बाजार में प्याज की कीमत मैं सोमवार को पांच रुपये किलो की गिरावट आयी है. पंडरा स्थित थोक मंडी में पुराना प्याज 30 से 35 रुपये किलो की दर से बिका.
वहीं यही प्याज शनिवार को 35 से 40 रुपये किलो की दर से बिका था. रविवार को मंडी बंद रहने के कारण उस दिन आये नये प्याज की बिक्री सोमवार को हुई.
सोमवार को नया प्याज मंडी में नहीं पहुंचा था. मंडी में इन दिनों राजस्थान और गुजरात से प्याज आ रहा है. दीपावली तक कई अन्य जगहों से प्याज की आवक शुरू हो जायेगी, जिसके बाद से कीमत में और गिरावट आयेगी. वहीं छठ महापर्व के बाद से प्याज की आवक में और तेजी आ जायेगी.
जिसके बाद से कीमत धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगी. बाजार में इन दिनों प्याज खुदरा में 45 से 50 रुपये किलो की दर से बिक रहा है. पुराना आलू सादा व लाल सात से 10 रुपये किलो की दर से बिक रहा है. नया आलू 25 से 30 रुपये किलो की दर से बिक रहा है. दीपावली तक इसकी आवक में तेजी आयेगी.


