रांची: संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में शनिवार को एक और आरोपी महेश कुमावत को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. मामले में अब तक छह लोग पकड़े जा चुके हैं.
इधर, गिरफ्तार पांच आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने लोकसभा के कक्ष में कूद कर धुआं उड़ाने की योजना पर सहमति बनाने से पहले स्वयं को आग लगाने तथा पर्चे बांटने के विकल्पों पर भी विचार किया था.
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. कहा, योजना को अंतिम रूप देने से पहले उन्होंने कुछ ऐसे तरीके तलाशे थे, जिनके जरिये वे प्रभावशाली तरीके से सरकार तक अपना संदेश पहुंचा सकें.
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने सबसे पहले अपने शरीर को अग्निरोधक लेप से ढंक कर आत्मदाह करने पर विचार किया, लेकिन फिर यह विचार त्याग दिया. आखिर में संसद में धुआं फैलाना के विकल्प पर सब की सहमती बनी.

















