मुंगेर : जमालपुर रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे के सुरक्षा वाले वाहन स्टैंड में रात्रि आग लगने के कारण एक ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस ऑटो से दो भाई-बहन कपड़ा बेचने के लिए जमालपुर पहुंचे थे। जो घटना के समय ऑटो में ही सोए हुए थे। किसी तरह उनकी जान बची। परंतु लगभग 25 हजार का कपड़ा और ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित भाई-बहन ने रेल पुलिस थाना पहुंचकर मामले की जानकारी दी।
गया जिला निवासी फरजाना खातून ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई मोहम्मद शमीम के साथ मिलकर दो दिन पहले जमालपुर क्षेत्र में सर्दी के कपड़े बेचने के लिए सीएनजी से चलने वाले ऑटो संख्या बीआर 02 पीबी 8815 लेकर यहां पहुंचे थे। वह लोग गया के कोतवाली थाना क्षेत्र के उदासीन अखाड़ा का निवासी हैं। वह दोनों भाई-बहन दिनभर कपड़ा बेचकर रात करीब नौ बजे रेलवे के वाहन स्टैंड में ऑटो लगाकर खाना खाकर ऑटो पर ही आकर सो गए। करीब 11 बजे की रात में आग की तपन महसूस कर उन दोनों की आंखें खुली।
बता दें कि उन्होंने देखा कि उनका ऑटो और उसमें रखे कपड़े धू-धूकर जल रहे हैं। उन लोगों ने शोर मचाया। शोर की आवाज सुनकर काफी लोग वहां एकत्रित भी हुए और ऑटो में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। परंतु सीएनजी गैस के कारण पूरा ऑटो उनकी आंखों के सामने ही जलकर राख हो गया। इस संबंध में रेल थाना अध्यक्ष राजकिशोर पासवान ने बताया कि ऑटो में आग लग जाने की घटना हुई है। जिसमें पीड़ित ने कहा है कि सीएनजी गैस में आग लगने के कारण पूरा ऑटो जलकर राख हो गया है।
अम्रितेश सिन्हा की रिपोर्ट

















