नालंदा : नालंदा में एक बुजुर्ग महिला की बुधवार को संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। मामला बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरार गांव का है। मृतका की पहचान कामता शर्मा की (59) वर्षीया पत्नी विमला शर्मा के रूप में की गई है। आस पड़ोस के लोगों ने डायल-112 की पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 की पुलिस नगर थाना की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामलें की तहकीकात में जुट गई है।
पड़ोस की रहने वाली किरण देवी ने बताया कि मंगलवार की शाम सास और बहू के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद उनके पास विमला शर्मा पहुंची थी। समझा बुझाकर उन्हें वापस घर भेज दिया गया। सुबह घर से एक बच्ची आई और वह बताई की उसकी नानी कुछ बोल नहीं रही है। इसके बाद वह महिला के घर गई। जहां कोई हरकत होता नहीं देख आस पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी गई। तब पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
उन्होंने बताया कि आसपास वाले जब भी झगड़े का विरोध करते थे। तो उन लोगों से रूबी देवी उलझ जाती थी। विमला शर्मा के पति सरकारी मुलाजिम थे। उनकी मौत के बाद उनकी पत्नी को पेंशन आता था। उसके भी आधे पैसे लाकर घर में देती थी। बावजूद बहू हमेशा खाने-पीने को लेकर झगड़ा किया करती थी।
नगर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया कि विमला शर्मा की बहू रूबी देवी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आस-पड़ोस के लोग मृतका के बहू और उसके पिता पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।
रजनीश किरण की रिपोर्ट







