रांची: पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक बार फिर झारखंड का मौसम बदलेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 20 फरवरी को आंशिक बादल छाये रहेंगे, जबकि मौसम शुष्क रहेगा.
इससे उमस बढ़ने की संभावना है. जबकि 21 फरवरी को राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग अर्थात देवघर,धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में हल्की वर्षा हो सकती है. 22 खरीख से पलामू,गढ़वा, चतरा,कोडरमा लातेहार व लोहरदगा में भी हल्की बारिश की संभावना है.
जबकि 23 फरवरी को रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, सिमडेगा, सरायकेला में हल्की बारिश हो सकती है. 24 व 25 फरवरी को सुबह में कोहरा छाये रहेंगे, जबकि दिन में आसमान के साफ रहने की संभावना है.
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी.
इसके बाद अगले दो दिनों में इसमें धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
जबकि रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस था.बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है.
Highlights


















