रांची: राजधानी की 4 लाख आबादी यानी 100 मुहल्लों तक पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन छलनी हो गई है।
करीब 50 साल पहले रूक्का से बूटी, बूटी से टाउन लाइन, रातू रोड सहित अन्य क्षेत्रों में बिछाई गई पाइपलाइन जर्जर हो गई है।
वाहनों व पानी के प्रेशर से आये दिन जहां-तहां पाइप में छेद हो रहे हैं। रोज लाखों गैलन पानी बर्बाद हो रहा है। शनिवार सुबह 9:30 बजे पानी के प्रेशर से विकास के पास 10 फीट नीचे बिछी राइजिंग लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
आधा घंटे में ही लाखों गैलन पानी सड़क पर फैल गया। लोगों ने पेयजल स्वच्छता प्रमंडल रूक्का के इंजीनियरों को सूचना दी, तब पानी आपूर्ति बंद की गई। पूरे दिन मरम्मत का प्रयास किया गया, पर सफलता नहीं मिली।
कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि पुराने पाइप बदलना ही एकमात्र विकल्प है। कई बार प्रस्ताव तैयार हुआ, लेकिन ठोस निर्णय नहीं हुआ। इन दिनों शहर में सभी क्षेत्रों में निर्माण कार्य चल रहा है।
निर्माण एजेंसियों को एनओसी लेने के लिए पत्र लिखा हुआ है, पर बिना एनओसी के ही गड्डा कर दिया जाता है। इस वजह से भी पाइप टूट रहे हैं।
सूचना दिए बिना अब गड्ढा किया गया और पाइप टूटता है, तो संबंधित एजेंसियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।



















