- उच्च शिक्षा विभाग असिस्टेंट प्रोफेसर की अर्हता तय करने के लिए अब प्रत्येक साल होगी परीक्षा
- 43 विषयों पर 17 साल बाद जेट से हटेगा ब्रेक, सीबीटी मोड पर 300 अंकों की होगी परीक्षा
रांची: असिस्टेंट प्रोफेसर की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य में 17 साल बाद झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) आयोजित करने का रास्ता साफ हो गया है। कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा जेट आयोजित करने से संबंधित प्रारूप का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
जेट के लिए परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) मोड में होगी। इस परीक्षा में सभी सवाल एमसीक्यू यानि बहुवैकल्पिक होंगे। दो पेपर की परीक्षा होगी। फर्स्ट पेपर में टीचिंग, रिसर्च एटीट्यूड और रीजनिंग एबिलिटी से संबंधित सवाल रहेंगे।
इसमें कुल 50 प्रश्न पूछे जाएंगे, प्रत्येक प्रश्न दो-दो अंक का होगा। दूसरे पेपर की परीक्षा संबंधित विषय की होगी, जिसमें अभ्यर्थी असिस्टेंट प्रोफेसर बनना चाहता है। इसमें 100 सवाल दो-दो अंकों के होंगे।
परीक्षा के समय दोनों पेपर की परीक्षा के बची गैप नहीं होगा। यानि कुल तीन घंटे की परीक्षा होगी। परीक्षा में गलत जवाब देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे। यानि निगेटिव अंक का प्रावधान नहीं है। बताते चलें कि कुल 43 विषयों के लिए झारखंड पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी।







