बरहेट/साहिबगंज: बोरियो से सत्तारूढ़ झामुमो के बागी विधायक लोबिन हेंब्रम को उनके ही दल के कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र के भोगनाडीह में सभा नहीं करने दी।
पार्टी के खिलाफ बगावत पर उतारू लोबिन हेंब्रम ने गुरुवार को बरहेट में भोगनाडीह से अन्याय यात्रा निकालने की घोषणा की थी।
वे सभा करने पहुंचे, पर, सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर नारेबाजी की और सभा करने से रोक दिया। झामुमो के राजाराम मरांडी ने कहा कि बोरियो विधायक को बरहेट में सभा करनी ही है तो पहले पार्टी से इस्तीफा दें।
इधर, लोबिन हेंब्रम ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं ने सभा नहीं होने दी। ताकत के बल पर उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता है।


















