रांची: जंगीपुर गांव के उरांव टोला में झाड़फूंक के चक्कर में मायके आई 25 वर्षीय विवाहिता सीमा देवी की मौत हो गई। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह सीमा के पेट में सूजन और शरीर में जलन थी।
सीमा के पिता राजू उरांव ने झाड़फूंक से बेटी का इलाज करने के लिए गांव के ही विजय उरांव से श्मशान घाट से जले शव की राख और कंकाल का टुकड़ा मंगवाया।
विजय ने श्मशान घाट से राख और कंकाल का टुकड़ा लाकर दे दिया, जिसे पिता ने बेटी के पूरे शरीर पर लगाया। मालूम हो कि 29 मार्च को गांव के योगेंद्र उरांव का अंतिम संस्कार हुआ था और राख उसी की थी।
इसकी सूचना मिलने पर योगेंद्र के परिजनों ने विजय उरांव की पिटाई कर 4 घंटे तक अपने घर में बंधक बनाए रखा। शाम में पुलिस ने उसे मुक्त कराया। बाद में पिता बेटी को अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
