सीतामढ़ी : नानपुर प्रखंड के गौरी गांव में नवनिर्वाचित मुखिया समर्थकों ने नानपुर थाने के सहायक निरीक्षक आरके यादव को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. दरअसल मुखिया उम्मीदवार ने अपनी जीत के बाद इलाके में जुलूस निकाला था. जिसमें डीजे का भी इस्तेमाल हो रहा था. पुलिस जब मौके पर पहुंची और जुलूस निकालने से लोगों को रोकने की कोशिश की तो लोग आग बबूला हो उठे. शनिवार की देर शाम पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद जिले के आलाधिकारी कार्रवाई में जुट गए. कोविड के कारण चुनाव आयोग ने डीजे और जुलूस पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया है. इसके बावजूद गौरी गांव में जीत के जश्न में डीजे बजाते हुए जुलूस निकाला गया. इस पर रोक लगाने जब पुलिस पहुंची तो समर्थकों ने खदेड़ दिया. इस मामले में नानपुर थाने में तैनात दरोगा आरपी यादव के बयान पर केस दर्ज करने की तैयारी हो रही है.
रिपोर्ट : अमर नाथ सहगल


















