नई दिल्ली : दिल्ली शराब घोटाला कांड में आबकारी नीति में केंद्रीय जांच एजेंसियों के रडार में आईं बीआरएस नेता के. कविता की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। इस मामले में सीबीआई की रिमांड की अवधि खत्म होते ही उन्हें सोमवार को कोर्ट ने 23 अप्रैल तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। राऊज एवेन्यू कोर्ट में सीबीआई ने बीआरएस नेता की 15 दिनों की न्यायिक हिरासत की मांग की थी।
इससे पहले सोमवार को सीबीआई की हिरासत की अवधि खत्म होने पर के. कविता को कोर्ट में पेश किया गया। बता दें कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी के. कविता को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने पिछले महीने ही हैदराबाद से गिरफ्तार किया था। उस मामले में भी उन्हें कोर्ट पहले न्यायिक हिरासत में भेज चुकी थी। उसके बाद गत 12 अप्रैल को सीबीआई ने उन्हें अपने यहां दर्ज मामले में रिमांड पर लिया था। तब कोर्ट ने कविता को 15 अप्रैल तक की सीबीआई हिरासत में भेज दिया था।
सोमवार को पेशी के दौरान सीबीआई ने विशेष अदालत को बताया कि आबकारी नीति घोटाले की आरोपी के. कविता ने कांड में लिप्त दूसरे आरोपी शरथ रेड्डी को धमकाया था कि दिल्ली में ठेके को हासिल करने के लिए आप (आम आदमी पार्टी) को 25 करोड़ का भुगतान करो। अगर इस शर्त को पूरा नहीं किया गया तो तेलंगाना और दिल्ली में उनके कारोबार को नुकसान उठाना पड़ेगा। सीबीआई ने बताया कि कविता के कहने पर ही शरथ रेड्डी दिल्ली में शराब के कारोबार में शामिल हुए थे।
Highlights

















