मोतिहारी : गरीबी की कोख से जन्में पूर्वी चंपारण जिला के दो खिलाड़ियों ने आम लोगों के इस्तेमाल किए जाने वाले साइकिल से हीं राज्यस्तरीय माउंटेन साइकिलिंग चैम्पियनशिप की दूरी नापकर इतिहास रच दिया. नेशनल चैम्पियनशिप में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है. दोनों खिलाड़ियों का चयन नेशनल माउंटेन साइकिलिंग चैम्पियनशिप के लिए हुआ है. लेकिन पैसे के अभाव में दोनों खिलाड़ी माउंटेन बाइसाइकिल खरीदने में असमर्थ हैं. जिस कारण नेशनल चैम्पियनशिप के लिए सामान्य साइकिल से हीं दोनों खिलाड़ी तैयारी कर रहे हैं.
जबकि महंगा मिलने वाले माउंटेन बाइसाइकिल को खरीदने के लिए दोनों खिलाड़ी शासन-प्रशासन के अलावा आम लोगों से अपील कर रहे हैं, ताकि माउंटेन साइकिलिंग चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए माउंटेन बाइसाइकिल खरीद सके और नेशनल चैम्पियनशिप जीतकर जिला का नाम रौशन कर सके.
सामान्य साइकिल से हीं जिलास्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में अपने प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले विनय कुमार बैठा का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है. पटना में आयोजित राज्य स्तरीय माउंटेन साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए जरुरी साइकिल के साथ शामिल खिलाड़ियों के बीच अपने सामान्य साइकिल के साथ उन्होंने भाग लिया. जिसके पैरों में स्पोर्टस शूज के बदले कपड़ा का जूता था. इन्हीं के बदौलत विनय बैठा ने राज्यस्तरीय चौंपियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त किया. जहां से उसका चयन नेशनल माउंटेन साइकिलिंग चौम्पियनशिप के लिए हुआ है. जिसके लिए वह प्रत्येक दिन अपने पास उपलब्ध संसाधनों के बदौलत हीं तैयारी में जुटा हुआ है.
बता दें कि आगामी 29 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक नेशनल माउंटेन साइकिलिंग चैम्पियनशिप का आयोजन पुणे में होगा. प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जिला के दोनों खिलाड़ी विनय कुमार बैठा और प्रियदर्शिनी कुमारी अपने सामान्य साइकिल के बदौलत हीं नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं. उसके लिए तैयारी भी कर रहे हैं, लेकिन अगर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की इन खिलाड़ियों पर नजरंे इनायत हो जाती है, तो ये दोनों खिलाड़ी निश्चित रुप से देश दुनिया में जिला का नाम रौशन करेंगे. हालांकि इन दोनों खिलाड़ियों के जज्बा को देख कुछ युवा इनके माउंटेन बाइसाइकिल को खरीदने के लिए ऑनलाइन अभियान चला रहे हैं.
रिपोर्ट : बृजेश झा


















