गोपालगंज : गोपालगंज में 45 वर्षीय प्रोफेसर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मृतक के मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया है और हत्या या आत्महत्या की जांच में जुट गई है।
मृतक प्रोफ़ेसर का नाम विजय पासवान बताया जा रहा है। वे गोपालगंज के महेंद्र महिला कॉलेज में बीते 4 साल से कार्यरत थे। विजय पासवान बरौली थाना के सिकटिया गांव के रहने वाले थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि उनकी मौत संदिग्ध हालत में हो गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि विजय का शव अपने घर के कमरे में बेड पर पड़ा हुआ है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। मृतक विजय पासवान राजद से जुड़े हुए थे। नगर थाना पुलिस के मुताबिक मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने मृतक के कमरे को सील कर दिया है।


















