रांची: बीजेपी की परिवर्तन यात्रा में आज सांसद मनोज तिवारी रांची पहुंचेंगे। मनोज तिवारी चतरा के प्रतापपुर हाई स्कूल मैदान में परिवर्तन महासभा को संबोधित करेंगे और उसके बाद बोकारो के फुसरो में कारगिल मैदान में जनसभा करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य हेमंत सोरेन सरकार की विफलताओं को उजागर करना और लोगों को बीजेपी के पक्ष में लामबंद करना है। वहीं, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह 26 सितंबर को धनबाद आएंगे, जहां वे धनबाद गोल्फ मैदान में आम सभा को संबोधित करेंगे।
बीजेपी सांसद रवि किशन भी आज पलामू और लातेहार जिले में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे सुबह पलामू के लेस्लीगंज में आयोजित रोड शो में हिस्सा लेंगे और फिर पांकी स्थित सिचाई विभाग मैदान में परिवर्तन महासभा को संबोधित करेंगे।
आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी देवघर और जामताड़ा में जनसभा करेंगे, जबकि बीजेपी की परिवर्तन यात्रा बालूमाथ भी पहुंचेगी, जहां सांसद रवि किशन कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे।
यह परिवर्तन यात्रा राज्य में बीजेपी की ताकत को मजबूत करने का एक प्रयास है, और पार्टी विभिन्न स्तरों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कई दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार रही है।
कांग्रेस ने बीजेपी की इस परिवर्तन यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जब प्रदेश नेतृत्व से उम्मीद खत्म हो जाती है, तब बीजेपी अन्य राज्यों के सांसदों और मंत्रियों को झारखंड में लेकर आती है। कांग्रेस नेता राजस ठाकुर ने कहा कि यह बीजेपी का डर है और यह दिखाता है कि वे चुनाव में बुरी तरह हारने के लिए तैयार हैं।


















