रांची: बंगाल की खाड़ी में फिर से निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। सोमवार को रांची सहित राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश हुई। सुबह 11 बजे से दोपहर तक रांची में तीन बार हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद धुंध छा गई। शाम तक धुंध कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, 20 अक्टूबर तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
मंगलवार को जमशेदपुर, चाईबासा, सिमडेगा और सरायकेला में बारिश की संभावना है, जबकि बुधवार को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा, 17 से 20 अक्टूबर के बीच राज्य के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रात के समय ठंड का अहसास होने लगा है।


