गुमला: गुमला राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सिकरी में बीते दिन तीसरी कक्षा के छात्र अस्मित उरांव को कक्षा की सफाई न करने पर शिक्षक रणविजय सिंह ने बेरहमी से पिटाई की, जिससे छात्र की आंख में गंभीर चोट आई।
पीड़ित के दादा मंदरू उरांव के बयान पर थाना में आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद से शिक्षक घर और स्कूल दोनों जगह से गायब हो गया है। शिक्षा विभाग ने शिक्षक को शोकॉज नोटिस जारी किया है, और डीईओ कविता खलखो ने शनिवार को शिक्षक से जवाब तलब करने की बात कही है।
शुक्रवार को डीईओ ने पीड़ित छात्र और उसके दादा से मिलकर घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद छात्र को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की स्थिति अब सामान्य है, और आंख की चोट को ठीक होने में 15-20 दिन का समय लगेगा। इस मामले में स्थानीय लोग शिक्षा के मंदिर को शिक्षकों द्वारा अपनी मनमर्जी से चलाए जाने की बात कर रहे हैं, और इसे लेकर गहरी नाराजगी जताई जा रही है।


















