रांची: झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राजद के विधायक मंत्रिमंडल में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय हो गए हैं।
शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और इसके बाद दिल्ली रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार, कमलेश दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के सुझाव साझा करेंगे और कांग्रेस कोटे के संभावित मंत्रियों के नाम तय करेंगे। तय सूची को मुख्यमंत्री के साथ साझा करने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता साफ होगा।
सूत्रों का कहना है कि तीन या पांच दिसंबर को मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। योजना के तहत झामुमो से छह, कांग्रेस से चार और राजद से एक मंत्री पद मिलेगा।
हालांकि, मंत्री पदों को लेकर दलीय समीकरण चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। राजद से सुरेश पासवान और संजय प्रसाद यादव में से किसी एक को प्राथमिकता देने की चर्चा है। वहीं, कांग्रेस से रामचंद्र सिंह और झामुमो से अनंत प्रताप देव के नामों की संभावनाएं भी प्रबल हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार के इस समीकरण में दलीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कवायद जारी है। ऐसे में किसे जगह मिलती है और किसे नहीं, यह आने वाले दिनों में तय होगा।


















