रांची: कुंभ मेला के अवसर पर रेलवे द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। विभिन्न मार्गों पर इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को यात्रा में अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी। इस दिशा में तिरुपति-बनारस कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन, भुवनेश्वर-टूंडला-भुवनेश्वर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन, नरसापुर-बनारस कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन और टिटिलागढ़-टुंडला कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। साथ ही, अन्य स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना भी है।
पहली ट्रेन, 07107/07108 तिरुपति-बनारस-विजयवाड़ा कुंभ मेला स्पेशल, 18 जनवरी, 8 फरवरी, 15 फरवरी और 22 फरवरी को तिरुपति से प्रस्थान करेगी और रांची होते हुए बनारस पहुंचेगी। वापसी यात्रा 07108 ट्रेन 20 जनवरी, 10 फरवरी, 17 फरवरी और 24 फरवरी को बनारस से शुरू होगी।
दूसरी विशेष ट्रेन, 07109/07110 नरसापुर-बनारस-नरसापुर कुंभ मेला स्पेशल, 26 जनवरी और 2 फरवरी को नरसापुर से प्रस्थान करेगी। इस ट्रेन में 22 कोच होंगे, जिनमें वातानुकूलित 3-टियर, 2-टियर, द्वितीय श्रेणी स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।
तीसरी विशेष ट्रेन, 08425/08426 भुवनेश्वर-टूंडला-भुवनेश्वर कुंभ मेला स्पेशल, 8, 22 जनवरी, 5, 19 फरवरी और 26 फरवरी को भुवनेश्वर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मूरी होते हुए टुंडला पहुंचेगी।
चौथी विशेष ट्रेन, 08314/08313 टिटिलागढ़-टुंडला-टिटिलागढ़ कुंभ मेला स्पेशल, 9, 16, 23 जनवरी, 6, 20 फरवरी और 27 फरवरी को टिटिलागढ़ से प्रस्थान करेगी और रांची होते हुए टुंडला पहुंचेगी। वापसी यात्रा शनिवार सुबह 5:00 बजे टुंडला से शुरू होकर रविवार दोपहर टिटिलागढ़ पहुंचेगी।


















