रांची: उत्तर भारत में हो रही बारिश और बर्फबारी का झारखंड पर आंशिक प्रभाव पड़ रहा है, जिससे राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। इसके बाद न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। ठंडी हवाओं के चलने से ठंड के लौटने की संभावना बढ़ गई है।
गणतंत्र दिवस के दिन सुबह ठंड से परेशानी बढ़ सकती है। दिन में आसमान साफ रहेगा, लेकिन रात में तापमान गिरने और ठंडी हवा चलने से लोगों को ठंड का अधिक एहसास होगा।
देश के कई हिस्सों में इस बार जनवरी में ठंड के मुकाबले गर्मी का अनुभव हो रहा है। दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और झारखंड में दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 6.5 डिग्री अधिक है। दिल्ली में इस साल जनवरी में पहली बार तापमान 26 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। वहीं, चित्तौड़गढ़ में बुधवार को 29.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे अधिक था।
लखनऊ में भी अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। इसके विपरीत, पिछले साल 20 जनवरी को लखनऊ में ‘सीवियर कोल्ड डे’ घोषित किया गया था, जब अधिकतम तापमान केवल 11.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री था।
मौसम में हो रहे इस अप्रत्याशित बदलाव के कारण ठंड और गर्मी दोनों का असामान्य अनुभव लोगों को हो रहा है।


