रांची. डीजीपी अनुराग गुप्ता ने आज पुलिस मुख्यालय सभागार में JAC मैट्रिक परीक्षा पेपर लीक मामले के संबंध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने मैट्रिक परीक्षा पेपर लीक मामले की वर्तमान स्थिति, जांच में हुई प्रगति और आगे की रणनीति पर विस्तृत रूप से चर्चा की। उन्होंने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने पर बल दिया।
JAC मैट्रिक परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर समीक्षा बैठक
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इस मामले की जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिये और सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करने एवं इस मामले के अनुसंधान में डिजिटल तकनीकी उपकरण का उपयोग कर गहराई से जांच करने एवं दोषियों को यथाशीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के उपायों पर भी विस्तृत रूप से चर्चा की गई।
बैठक के क्रम में यह भी निर्देश दिया गया कि JAC द्वारा प्रश्न पत्र को परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाई जाने वाली पूरी प्रक्रिया को समझे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पेपर लीक कहां से हुआ। साथ ही बरामद डिजिटल डिवाइस की जांच का निर्देश दिया, जिससे इस पूरे प्रकरण के मुख्य अभियुक्त और साजिशकर्ता को चिन्हित किया जा सके।
Highlights



















