धनबाद:धनबाद के कुख्यात वासेपुर इलाके का आतंकवादी संगठन से जुड़ाव होने की खुफिया सूचना के बाद झारखंड एटीएस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की। एटीएस की विशेष टीम ने धनबाद के वासेपुर सहित कुल 15 जगहों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, प्रतिबंधित लिटरेचर, डिजिटल गैजेट्स और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद एटीएस को वासेपुर के कुछ युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी ऋषभ झा के नेतृत्व में एटीएस की टीम ने वासेपुर के पांडरापाला, आजाद नगर, भूली ए ब्लॉक और नूर मस्जिद क्षेत्र में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान शमशेर नगर से एक महिला को हिरासत में लिया गया, वहीं भूली ए ब्लॉक में हारून राशिद के घर से एक पेन ड्राइव जब्त की गई। बताया जा रहा है कि उस पेन ड्राइव में आतंकी संगठनों से जुड़ा डिजिटल डाटा हो सकता है। नूर मस्जिद क्षेत्र से दो अत्याधुनिक पिस्तौल, कारतूस, संदिग्ध दस्तावेज, डायरी, लैपटॉप और स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं।
झारखंड एटीएस के अनुसार अब तक कुल छह संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनके आतंकी संगठन से डार्क वेब के जरिए संपर्क में होने की बात सामने आ रही है। इन सभी से पूछताछ जारी है। एटीएस के साथ-साथ धनबाद पुलिस और कई थानों की टीमें भी इस ऑपरेशन में शामिल रही।
पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस छापेमारी को झारखंड में आतंकी नेटवर्क के संभावित विस्तार पर लगाम कसने की दिशा में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।


















