धनबाद/झरिया: जिले में मंगलवार को मास्क-अप कैम्पेन के तहत उड़न दस्ता की बस झरिया कतरास मोड़ , बाटा मोड़ होते हुए चार नंबर मेन रोड पहुंची। कोरोना के बढ़ते प्रभाव को रोकने, लोगों को कोरोना की चपेट में आने से बचाने, आइसीएमआर गाइडलाइंस के अनुरूप मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए जागरुकता लाने के उद्देश्य से उपायुक्त के निर्देश पर कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए मास्क-अप कैम्पेन चलाया गया।
उड़न दस्ता की बस को देखते ही बिना मास्क लगाए लापरवाही बरत रहे लोगो मे हड़कंप मच गया। लगभग दर्जन भर लोग, जो भीड़-भाड़ वाली जगहों पर बिना मास्क लगाए और सामाजिक दूरी का उल्लंघन करते पकड़े गए। उन्हें बस मे बैठा कर गोविंदपुर जैप 3 स्थित कोविड सेनीटाईजेसन कैंप में ले जाया गया । जहाँ उनकी कोरोना जांच की जाएगी। उन्हें कोरोना के संदर्भ में ऑडियो वीडियो के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। कैंप में 4 बजे तक रखा जायेगा। जांचोपरांत बांड पेपर समर्पित करने के बाद 4 बजे वापस छोड़ दिया जाएगा। आपको बता दें कि गोविंदपुर जैप 3 के कैंप को सेनेटाइजेशन कैंप के रूप में चिन्हित किया गया है।







