रांची: झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए पूरे राज्य में अलग-अलग समय पर मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने शनिवार को सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, वहीं रविवार 18 मई को रांची समेत 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों के लिए येलो अलर्ट, जबकि रांची समेत 20 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
गर्मी से मिली थोड़ी राहत
शुक्रवार को राज्य के कई जिलों जैसे गोड्डा, पाकुड़, दुमका, सिमडेगा, गुमला, गिरिडीह और पूर्वी सिंहभूम में मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश दर्ज की गई। इससे गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिली। रांची में भी दोपहर बाद बादल छाए रहे और गरज के साथ हल्की फुहारें पड़ीं।
तापमान की स्थिति
राज्य में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में दर्ज किया गया, जहां 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
आगामी 24 घंटे सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से आंधी और वज्रपात की स्थिति को देखते हुए सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है। विशेष रूप से खेतों, पेड़ों के नीचे और खुले स्थानों पर ना रुकने की सलाह दी गई है।







