रांची: जेपीएससी ने बहुप्रतीक्षित 11वीं से 13वीं सिविल सेवा संयुक्त मुख्य परीक्षा 2024 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया। यह परिणाम 11 माह की देरी के बाद सामने आया है। आयोग ने कुल 864 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किया है। चयनित अभ्यर्थियों की संख्या कुल रिक्तियों के मुकाबले लगभग ढाई गुणा अधिक है। इस परीक्षा के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 342 पदों पर नियुक्ति की जानी है।
अभ्यर्थी अपने परिणाम जेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर देख सकते हैं। हालांकि, आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा का रिजल्ट कैटेगरी वाइज (वर्गानुसार) जारी नहीं किया गया है। आयोग ने यह भी सूचित किया है कि इंटरव्यू की तिथि की घोषणा जल्द ही वेबसाइट के माध्यम से की जाएगी।
गौरतलब है कि सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 22 अप्रैल 2024 को जारी किया गया था, जिसमें 7011 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए योग्य घोषित किए गए थे। इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 से 24 जून 2024 के बीच रांची के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। आयोग ने अगस्त के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट जारी करने की बात कही थी, लेकिन लंबे विलंब के कारण यह अब जाकर घोषित हो सका। परिणाम में देरी को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलनरत थे।
जेपीएससी द्वारा परिणाम जारी किए जाने के बाद अभ्यर्थियों में थोड़ी राहत देखने को मिल रही है। अब सभी की निगाहें इंटरव्यू की तारीख पर टिकी हैं।


















