सूचना देने वाले को नगद 51 सौ रुपये देने की घोषणा
सहरसा : बिहार सरकार ने तो शराबबंदी कानून को सख्त किया ही है अब पंचायत के मुखिया भी सरकार के शराबबंदी कानून का जबरदस्त समर्थन करती दिख रही है. मामला सहरसा जिले के महिषी प्रखंड अन्तर्गत वीरगांव पंचायत की मुखिया अर्चना आंनद का है, जिन्होंने शराब बेचने व शराब पीने वालों की सूचना देने वाले को नगद 51 सौ रुपये देने की घोषणा की है. महिला मुखिया के इस अनोखी पहल की सभी जगह खुल कर तारीफ हो रही है. जबकि पंचायत में इस घोषणा का व्यापक असर भी देखने को मिल रहा है.
विदित हो कि बिहार सरकार के लाख शराबबंदी कानून लागू होने के बाद कभी पटना सचिवालय के पास तो कभी स्कूल परिसर में खाली शराब की बोतलें मिल रही थी. जबकि पुलिस प्रशासन एवं उत्पाद विभाग द्वारा प्रत्येक दिन अवैध शराब की बरामदगी बिहार के विभिन्न हिस्सों में होती रहती है.
इस अनोखी पहल पर मुखिया ने कहा कि 25 जनवरी को एक महिला मेरे घर पर रोती हुई आई और बताई कि मेरे पति मुझको शराब पीकर बहुत पिटाई किये हैं. उस मामले को मैंने संज्ञान में लिया और 26 जनवरी को मैंने यह घोषणा किया कि जो व्यक्ति शराब बेचने वाले एवं पीने वालों की जानकारी देगा उनको 51 सौ रुपये दिया जाएगा. उनकी सूचना गुप्त रखी जायेगी. वहीं शराब पीने वाले के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी.
महिला मुखिया अर्चना आंनद ने कहा कि मुख्यमंत्री हमारे बेहतर प्रयास कर रहे हैं. उनको धरातल पर उतारने का प्रयास जारी है. मेरे घोषणा के बाद पंचायत में अब इनका असर दिख रहा है. आठ दिनों के अंदर ही पंचायत में काफी बदलाव आया है. अब शायद ही कोई शराब पीते हैं. उन्होंने कहा कि पंचायत में शराब का सेवन नही के रूप में हो रहा है.
रिपोर्ट : राजीब झा

















