रांची: राजधानी रांची में दिनदहाड़े ठगी और धमकी की घटना सामने आई है। डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू चौक पर 20 अगस्त की दोपहर करीब 2.45 बजे दो युवकों ने एक महिला से सोने की चेन छलपूर्वक ले ली और धमकाते हुए फरार हो गए।
पीड़िता सरिता कुमारी ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वह दवाई की दुकान से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान हिनू चौक के पास दो युवक मिले और उन्हें रोक लिया। युवकों ने कहा कि पुलिस ने सोने की चेन पहनने से मना किया है, इसलिए चेन खोलकर पर्स में रख लें।
इस बहाने से उन्होंने सरिता से चेन उतरवाई और कागज पर रखने को कहा। महिला जैसे ही चेन उतारकर दी, दोनों युवकों ने चालाकी से कागज समेत चेन अपनी जेब में रख ली। जब सरिता ने चेन निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने धमकी दी कि शोर मचाया तो चाकू मार देंगे। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।


















