रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी।
Ranchi Crime News रांची: रांची में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। अपराधी अब दिनदहाड़े भी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला लालपुर थाना क्षेत्र के पीस रोड स्थित द्वारिकेश अपार्टमेंट का है, जहां गुरुवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Ranchi Crime News: अपार्टमेंट में घुसकर महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार द्वारिकेश अपार्टमेंट में रहने वाली पौलमी दत्ता सुबह करीब 8:15 बजे पास स्थित उदय मिष्ठान के निकट से दूध और सब्जी खरीदकर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपार्टमेंट परिसर में दाखिल हुईं, हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक सामान्य नागरिक की तरह उनके पीछे-पीछे अंदर आ गए।
महिला जब सीढ़ियां चढ़कर अपने फ्लैट में प्रवेश करने वाली थीं, तभी पीछे से आए एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए।
Key Highlights:
लालपुर के पीस रोड स्थित अपार्टमेंट में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग।
बाइक सवार दो बदमाश महिला के पीछे-पीछे अपार्टमेंट में घुसे।
फ्लैट में प्रवेश से पहले गले से सोने की चेन झपटकर फरार।
पूरी वारदात अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरे में कैद।
पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी।
Ranchi Crime News: शोर सुनकर पहुंचे लोग, लेकिन भाग निकले आरोपी
वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक दोनों बदमाश वहां से निकल चुके थे। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और लालपुर थाना पुलिस को दी गई।
Ranchi Crime News: CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
लगातार सामने आ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस लोगों से भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील कर रही है।
Highlights


















