झारखंड ATS संदिग्ध आतंकी अशरफ दानिश से पूछताछ के लिए दिल्ली जाएगी। उसके कमरे से कट्टा, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी।
रांची: आइएसआइएस के संदिग्ध आतंकी अशरफ दानिश से पूछताछ करने के लिए झारखंड ATS की एक टीम जल्द ही दिल्ली जाएगी। इसके लिए एटीएस एसपी ऋषभ झा ने दिल्ली स्पेशल सेल से अनुरोध किया है कि जब अशरफ को आगे रिमांड पर लिया जाए, तो इस बारे में झारखंड एटीएस को सूचना दी जाए। ताकि टीम दिल्ली जाकर उससे विस्तार से पूछताछ कर सके।

Key Highlights
संदिग्ध आतंकी अशरफ दानिश से पूछताछ के लिए दिल्ली जाएगी झारखंड एटीएस
एटीएस एसपी ने दिल्ली स्पेशल सेल से किया अनुरोध
मोबाइल और लैपटॉप की तकनीकी जांच शुरू
रांची से गिरफ्तार, बोकारो का रहने वाला था अशरफ
कमरे से कट्टा, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद
फिलहाल एटीएस की एक टीम ने अशरफ दानिश के कमरे से बरामद मोबाइल और लैपटॉप की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। मोबाइल डेटा रिकवर कर उसकी गहन पड़ताल की जा रही है।
बता दें कि दिल्ली स्पेशल सेल ने बुधवार को झारखंड एटीएस की मदद से अशरफ दानिश को गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से बोकारो जिले के पेटरवार, मुस्लिम टोला बुंडू का रहने वाला है, लेकिन प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के नाम पर रांची के पथलकुदवा स्थित न्यू तबारक लॉज में रह रहा था।
उसके कमरे से कट्टा, जिंदा कारतूस और विस्फोटक बनाने से संबंधित केमिकल बरामद हुए थे। शुरुआती पूछताछ में अशरफ ने माना कि उसे विस्फोटक सामग्री जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस काम के लिए देशभर में फैले आठ लोग सोशल मीडिया के जरिए जुड़े हुए थे।


















