‘बिहार की बेटियों के अपमान पर मौन क्यों हैं PM मोदी व CM नीतीश’

पटना : बिहार की बहन बेटियों के अपमान पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौन क्यों हैं? बिहार की बच्चियों की कीमत लगाने वाले उत्तराखंड भाजपा सरकार के मंत्री के पति और भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने तल्ख टिप्पणी की है और उन्हें लफंगा बताया।

संघी मानसिकता से ग्रस्त ऐसे राजनीतिक लफंगे लगातार बिहार की बहन बेटियों के अस्मिता से खिलवाड़ करने का काम करते हैं – राजेश राम

बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि संघी मानसिकता से ग्रस्त ऐसे राजनीतिक लफंगे लगातार बिहार की बहन बेटियों के अस्मिता से खिलवाड़ करने का काम करते हैं। यह भाजपा की संस्कृति है कि जो जितना भड़काऊ और महिलाओं को अपमानित करेगा उसे उतनी बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है। हम उनके बयान की खिलाफत करते हैं और आने वाले समय में सड़क से सदन तक इस बात का विरोध करेंगे कि आखिर भाजपा नेताओं को हमारी बिहार की बहन बेटियों के अपमान का लाइसेंस किसने दे दिया है। साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने मांग की है कि यदि वास्तव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहन बेटियों के अस्मिता के रक्षा के लिए जिम्मेदार हैं तो अविलंब मंत्री की मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी और उनके पति की भाजपा से निष्कासन करना चाहिए।

Congress Rajesh Ram 1 1 22Scope News

बिहार की बेटियां मीडिया, राजनीतिक क्षेत्र, प्रशासनिक क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने पूर्व की घटनाओं का जिक्र करते हुए बृज भूषण शरण सिंह, कुलदीप सिंह सेंगर और अन्य भाजपा नेताओं के महिलाओं के प्रति किए गए कुकृत्य के बावजूद भाजपा द्वारा उन्हें दंडित किए जाने के बजाय अपने दल में बनाए रखने को भाजपा का असली चेहरा और चरित्र बताया। उन्होंने कहा कि जब बिहार की बेटियां मीडिया, राजनीतिक क्षेत्र, प्रशासनिक क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं तो इससे भयभीत लोग बिहार की छवि खराब कर रहे हैं। भाजपा ने शुरू से बिहार की महिलाओं का अपमान किया है और पहले भी कई उनके नेताओं ने ऐसा किया है। इसी कड़ी में उत्तराखंड भाजपा के नेता गिरधारी लाल साहू ने भी अपने पूर्ववर्ती नेताओं का अनुसरण किया है। साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कभी प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दिया था, लेकिन आज पूरे देश में एक ही नारा गूंज रहा है।

‘भाजपा नेताओं से बेटी बचाओ’

संस्कार और संस्कृति की दुहाई देने वाली भाजपा और उसके नेताओं का असली चेहरा बेनकाब हो चुका है। विशेषकर हमारी बहन-बेटियों को लेकर उनकी घृणित मानसिकता और निर्लज्ज व्यवहार सामने आ चुका है। सत्ता के नशे में चूर भाजपाई नेता और कार्यकर्ता जिस गिद्ध नज़र से हमारी बच्चियों को देख रहे हैं, उनकी बोली लगा रहे हैं वह किसी भी दुष्कर्मी की मानसिकता से कम नहीं है।

मंत्री के पति ने जिस प्रकार से बिहार की बेटियों की बोली लगाई – कांग्रेस

पिछले दिनों उत्तराखंड की भाजपा सरकार में महिला सशक्तिकरण विभाग संभालने वाली मंत्री के पति ने जिस प्रकार से बिहार की बेटियों की बोली लगाई, जिस प्रकार से करोड़ों बहनों को अपमानित किया, वह अत्यंत शर्मनाक है। लेकिन उससे भी अधिक शर्मनाक है इस मामले में प्रधानमंत्री, केंद्र एवं राज्य सरकार की चुप्पी। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से लेकर राज्य नेतृत्व तक सब मुंह में दही जमाए क्यों बैठे हैं ?

राजेश राम ने कहा- आज बिहार की बेटियों की बोली लगाई जा रही है प्रधानमंत्री

आज मैं पूछना चाहता हूं कि आज बिहार की बेटियों की बोली लगाई जा रही है प्रधानमंत्री, आपको नींद कैसे आ रही है? क्या बिहार की बेटियों का अपमान आपको स्वीकार है? बिहार के मुख्यमंत्री, बिहार की बेटियों के इस अपमान पर आप क्यों चुप हैं? क्या बेटियां सिर्फ आपके लिए वोट हैं क्या उनकी फिक्र आपको सिर्फ चुनाव में ही होती है? यह पहली बार नहीं है कि भाजपा नेताओं ने हमारी बहन-बेटियों को अपमानित करने का काम किया है। भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर द्वारा इस देश की एक बेटी के साथ न सिर्फ दुष्कर्म किया गया, बल्कि उसके पिता की जेल में हत्या करवाई गई। पीड़िता के कई परिजनों की हत्या करवाई गई। पीड़िता पर भी कई बार जानलेवा हमले हुए। आज देश उस बेटी के लिए न्याय मांग रहा है।

उत्तराखंड की ही बेटी अंकिता भंडारी के साथ दुष्कर्म एवं हत्या मामले में प्रदेश के बड़े भाजपाई नाम सामने आए

उत्तराखंड की ही बेटी अंकिता भंडारी के साथ दुष्कर्म एवं हत्या मामले में प्रदेश के बड़े भाजपाई नाम सामने आए। आज उत्तराखंड सहित पूरा देश अंकिता बेटी के न्याय के लिए लड़ रहा है, लेकिन भाजपाई सरकार आरोपियों को बचाने में लगी है। पूर्व भाजपाई मंत्री स्वामी चिन्मयानंद द्वारा अपनी ही छात्रा के शोषण का मामला हो, कर्नाटक में मोदी के एक सहयोगी सांसद ने कई महिलाओं के साथ लगातार हैवानियत की, बावजूद इसके मोदी जी उसके लिए वोट मांगने गए।

BHU की छात्राओं के साथ BJP IT सेल के नेताओं ने हैवानियत की

मोदी के अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी स्थित बीएचयू की छात्राओं के साथ भाजपा आईटी सेल के नेताओं ने हैवानियत की। भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह द्वारा दुर्व्यवहार के खिलाफ देश के लिए मेडल लाने वाली सैकड़ों बेटियाँ सरकार की गर्दन के नीचे महीनों प्रदर्शन करती रहीं सरकार ने उन बेटियों को सुनना तो दूर, उन पर लाठियाँ भांजी गईं। ऐसे दर्जनों मामले हैं, जिनमें भाजपा नेताओं ने सरेआम हमारी बहन-बेटियों की इज्जत को तार-तार किया है। देश को सोचना होगा कि कबतक हम अपनी बहन-बेटियों की इज्जत से खेलने वाले, सिर्फ पुरुषों के हाथों का खिलौना समझने वाले और चारदीवारी में कैद कर गुलाम बनाने की मानसिकता वाले लोगों के हाथों में देश की सत्ता सौंपेंगे?

Congress Rajesh Ram 22Scope News

प्रधानमंत्री की वादाखिलाफी नई नहीं है – राजेश राम

दूसरी तरफ उन्होंने प्रधानमंत्री के चुनावी वायदों की याद दिलाते हुए कहा कि चुनावों में बिहार को हजारों करोड़ का वादा करके चुनावी रैलियों में तालियां और वोट बटोरने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कब यह बताएंगे कि बिहार के लिए आवंटित विकास राशि का उन्होंने भुगतान राज्य सरकार को कर दिया है। प्रधानमंत्री की वादाखिलाफी नई नहीं है। बिहार में सरकार बनते वें अपने वादे भूल जाते हैं और जनता को उनके हाल पर छोड़कर विदेश घूमने निकल जाते हैं। इस दौरान मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुमार आशीष, नदीम अख्तर और मिथिलेश निषाद भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : गिरधारी लाल के बयान पर बिहार महिला आयोग के अध्यक्ष ने जतायी नराजगी, कहा- महिलाओं का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं

अंशु झा की रिपोर्ट

Highlights

श्रावणी मेला की तैयारी तेज, DM-SSP ने नमामि गंगे घाट का...

भागलपुर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता...

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कला एवं संस्कृति विभाग में नवनियुक्त...

पटना : कला एवं संस्कृति विभाग बिहार सरकार में नवचयनित सहायक संग्रहालयाध्यक्ष, शोध एवं प्रकाशन पदाधिकारी और सहायक निदेशक के पद पर चयनित अधिकारियों...

मोतिहारी पुलिस को बड़ी सफलता, अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश, 5...

मोतिहारी : मोतिहारी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह का खुलासा करते हुए पांच शातिर अपराधियों को...