पटना : जमुई सदर अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों की जांच रिपोर्ट पेश कर दी गई है। जमुई सदर अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक ने जमुई के सिविल सर्जन-सह-सदस्य सचिव को सौंपी अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ‘सवा करोड़ से बना ऑक्सीजन प्लांट पांच सौ रुपए के एमसीवी के कारण ठप’ खबर असत्य है। दरअसल, यह प्लांट चालू अवस्था में है जबकि एक अन्य प्लांट को भी चालू करने के लिए टेक्निशियन की मांग की है।
जमुई सदर अस्पताल में शवों के दुर्गन्ध के बीच पल रहे नवजात शीर्षक से प्रकशित खबर की भी जांच की गई है
उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि जमुई सदर अस्पताल में शवों के दुर्गन्ध के बीच पल रहे नवजात शीर्षक से प्रकशित खबर की भी जांच की गई है। उन्होंने अपन रिपोर्ट में लिखा है कि पोस्टमार्टम हाउस त्रिपुरारी घाट पर अवस्थित है और वहां मरम्मती का काम चल रहा है। तत्कालीन व्यवस्था के तहत अस्पताल परिसर में जहां पोस्टमार्टम किया जाता है, वह स्थान पूरी तरह पैक है। वहां खिड़की और दरवाजे भी अच्छी स्थिति में हैं, जिससे दुर्गन्ध आने का सवाल ही नहीं है। इसी तरह, झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने ‘बीएड की कमी से जुड़ा रहा रेफरल अस्पताल, प्रसव के आंकड़ों में गिरावट’ शीर्षक खबर को भी भ्रामक और असत्य बताया है।
झाझा के रेफरल अस्पताल में कुल 9 बेड के साथ पीएचसी भवन में मरीजों का इलाज किया जा रहा है – रिपोर्ट
उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि झाझा के रेफरल अस्पताल में कुल नौ बेड के साथ पीएचसी भवन में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इनमें सात बेड महिलाओं वार्ड के लिए हैं। खबर में प्रसव के आंकड़े में गिरावट की बात भी असत्य है। उन्होंने रिपोर्ट में कहा है कि वर्ष 2024-25 में कुल 3714 प्रसव और वर्ष 2025-26 में कुल 4007 प्रसव कराए गए हैं।
झाझा CHC में एक्स-रे सेवा ठप, नए भवन में शिफ्टिंग के चलते मरीज परेशान
शीर्षक से प्रकाशित खबर के संबंध में झाझा सामुदायिक केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि झाझा प्रखंड का नया सीएचसी भवन विगत चार मई को हस्तगत कराया गया है। वहां शिफ्टिंग की प्रक्रिया जारी है। इसको लेकर विगत आठ से 10 मई तक एक्स-रे बाधित रहा था। लेकिन विगत 11 मई से मरीजों के लिए एक्स-रे की सुविधा पूर्व की तरह बहाल कर दी गई है।
यह भी पढ़े : मलमास मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं का ख्याल रखें – मुख्यमंत्री
Highlights







