मुख्यमंत्री ने संभावित बाढ़ व सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ के पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक भी जुड़े रहे। बैठक में बिहार मौसम सेवा केन्द्र पटना के अधिकारी ने इस वर्ष मॉनसून सत्र के दौरान वर्षापात के पूर्वानुमान की जानकारी देते हुए बताया कि जून व जुलाई माह में सामान्य से कम वर्षा, अगस्त माह में समान्य वर्षा व सितंबर माह में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। दक्षिण बिहार में औसत से कम वर्षा तथा उत्तर बिहार में सामान्य वर्षा की संभावना है।

प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संभावित बाढ़ व सुखाड़ की पूर्व तैयारियों से संबंधित मुख्य बातों की जानकारी दी

बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों से संबंधित मुख्य बातों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। सभी जिलों एवं संबद्ध विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नाव संचालन, पॉलिथिन शीट, राहत सामग्री की उपलब्धता, दवा, पशुचारा, बाढ़ आश्रय स्थल, सामुदायिक रसोई, ड्राई राशन पैकेट्स/फूड पैकेट्स, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र आदि के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।

CM Floods and Droughts 1 22Scope News

बैठक में CM सम्राट के साथ कई विभाग के सचिव मौजूद थे

बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिह, डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव राजेश कुमार ने अपने-अपने विभागों द्वारा संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने को लेकर की गई तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत ने बाढ़/सुखाड़ आदि आपदाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने व आपदा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी।

बाढ़ और सुखाड़ दोनों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग के अधिकारी और जिलाधिकारी पूरी तरह अलर्ट रहें – मुख्यमंत्री

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ और सुखाड़ दोनों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग के अधिकारी और जिलाधिकारी पूरी तरह अलर्ट रहें। आपदा को विपदा न बनने दें। लोगों को आपदा की स्थिति में पूरा सहयोग करें। सरकार लोगों के साथ है। राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति में प्रभावितों को हरसंभव मदद करती है, इसे ध्यान में रखते हुये सभी संबद्ध विभाग और अधिकारी सतर्क रहें। जिन क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका रहती है, वहां के तटबंधों और सड़कों का निर्माण कार्य 31 मई से पूर्व ही पूर्ण कर लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा- आपदा प्रबंधन विभाग सतत् अनुश्रवण करते रहे व यह सुनिश्चित करें कि लोगों को किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े

मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग सतत् अनुश्रवण करते रहे व यह सुनिश्चित करें कि लोगों को किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, आवश्यकता अनुसार सभी व्यवस्थायें ससमय पूरी करें। भू-जलस्तर पर नजर रखें और पेयजल का इंतजाम रखें। बाढ़ की स्थिति में पशुओं के लिये सूखा चारा की व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गर्मी ज्यादा है। इसे ध्यान में रखते हुये सभी प्रकार की तैयारी रखें और लोगों को सचेत करें। हर चीज पर नजर रखनी है और पूरी तरह से सतर्क रहना है। मुस्तैदी के साथ सभी लोग लगे रहेंगे तो आपदा की स्थिति में लोगों को राहत मिलेगी। अन्तरविभागीय समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि लोगों को सुविधा और सहूलियत मिले।

CM Floods and Droughts 22Scope News

CM सम्राट के साथ दोनों डिप्टी सीएम के अलावा कई मंत्री व कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक जुड़े हुए थे।

यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने कहा- कांवरियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, यह सुनिश्चित करें

Chhath Puja 2026 Train Ticket Booking: छठ में घर जाने की...

Chhath Puja 2026 Train Ticket Booking: छठ पूजा के दौरान बिहार लौटने वाले लोगों के लिए ट्रेन टिकट हमेशा बड़ी चुनौती रहता है। दिल्ली, मुंबई,...

Apollo Super Speciality OPD Dhanbad: कैलाश हॉस्पिटल धनबाद में अब मिलेगी...

Apollo Super Speciality OPD Dhanbad: धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई सुविधा उपलब्ध होने जा...

 Flood Fighting: बिहार में अब तक का सबसे अधिक गंगा जलस्तर,...

Flood Fighting पटना: बिहार में गंगा नदी के जलस्तर में इस साल रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बावजूद बाढ़ की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। जल...