पटना : बारिश की बूंदों के बीच आज यानी 28 मई को करीब 20 हजार से ज्यादा अकीदतमंद एक साथ नमाज के लिए जुटे। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी मैदान में पहुंचे और पूरी आस्था के साथ नमाज पढ़ी। नमाज खत्म होते ही पूरे मैदान में बकरीद यानी ईद उल-अजहा मुबारक की गूंज सुनाई दी। लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर त्योहार की बधाई दी। बुजुर्गों ने युवाओं को दुआएं दीं और आपसी भाईचारा मजबूत किया। लोगों में मिठाइयां बांटने और एक दूसरे के घर जाने का उत्साह भी दिखा।
पटना पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे
आपको बता दें कि पटना पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। गांधी मैदान में गेट नंबर-4, 5, 7 और 10 से एंट्री की व्यवस्था थी। लाउडस्पीकर से इमाम की आवाज हर व्यक्ति तक पहुंच रही थी। बारिश से बचाव के लिए भी कुछ इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और अधिकारी लगातार निगरानी करते नजर आए। गांधी मैदान के अलावा जामा मस्जिद में सुबह आठ बजे, वेटनरी ईदगाह में 7:30 बजे और कोतवाली मस्जिद में 7:45 बजे भी नमाज अदा की गई। आज का दिन पटना में प्रेम और सौहार्द का प्रतीक बन गया।




यह भी पढ़े : बकरीद पर हर जिले में चौकसी बढ़ी, अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का आदेश
हिमांशु कुमार की रिपोर्ट
Highlights







