छपरा : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार आज छपरा के जलालपुर दौरे पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जलालपुर चौक पर उन्होंने प्रसिद्ध लोकगायक एवं स्वतंत्रता सेनानी महेंद्र मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया व कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, महाराजगंज के सांसद जनार्दन प्रसाद सिग्रीवाल, मांझी के विधायक रणधीर सिंह, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
छपरा जलालपुर में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंडित महेंद्र मिश्र की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज मांझी विधानसभा क्षेत्र के जलालपुर बाजार स्थित महेंद्र चौक पहुंचकर भोजपुरी लोकगीत एवं पूर्वी धुनों के अमर रचनाकार, स्वतंत्रता सेनानी पंडित महेंद्र मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जदयू कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत करते रहे व ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

कार्यक्रम के बाद कुमार ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और इसके उपरांत पटना के लिए रवाना हो गए
इस अवसर पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल व मांझी विधायक रणधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के बाद कुमार ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और इसके उपरांत पटना के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि मांझी क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि बिहार के विकास पुरुष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष आशीर्वाद इस क्षेत्र को प्राप्त है।

चहुंमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने के लिए ही पूर्व मुख्यमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण रहा है – MLA रणधीर सिंह
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने के लिए ही पूर्व मुख्यमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। वहीं, पूर्व सांसद प्रभनाथ सिंह के समर्थकों ने कार्यक्रम के दौरान उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। हालांकि इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और इस मुद्दे पर दूरी बनाए रखी।


यह भी पढ़े : JDU प्रदेश कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, जनसुनवाई कार्यक्रम का लिया फीडबैक, दिए संगठनात्मक दिशा-निर्देश
मनोरंजन पाठक की रिपोर्ट
Highlights


















