Ranchi Traffic Plan 15 August, Ranchi: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रशासन ने 15 अगस्त को सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई मार्गों पर डायवर्सन और पार्किंग की व्यवस्था तय की है। प्रशासन के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रांची शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही रोक दिया जाएगा।
इन स्थानों तक ही पहुंच सकेंगे भारी वाहन
स्वतंत्रता दिवस के दिन शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग मार्गों पर रोक बिंदु तय किए गए हैं। प्रशासन की व्यवस्था के अनुसार कांके से आने वाले भारी वाहनों को बोड़ेया में रोका जाएगा। चाईबासा और खूंटी की ओर से आने वाले वाहनों को बिरसा चौक तक, जबकि गुमला-सिमडेगा से अरगोड़ा होकर आने वाले भारी वाहनों को कटहल मोड़ तक आने की अनुमति होगी। इसी तरह गुमला-सिमडेगा की ओर से आने वाले वाहनों को आइटीआई बस पड़ाव, जमशेदपुर की ओर से आने वाले वाहनों को दुर्गा सोरेन चौक नामकुम तथा सदाबहार चौक के रास्ते आने वाले भारी वाहनों को सदाबहार चौक पर रोका जाएगा। कांके-पतरातू की तरफ से आने वाले भारी वाहनों के लिए लॉ यूनिवर्सिटी, बूटी मोड़ से बरियातू होकर कोकर जाने वाले वाहनों के लिए बूटी मोड़ और बूटी मोड़ से खेलगांव होकर जाने वाले वाहनों के लिए खेलगांव चौक को रोक बिंदु बनाया गया है। तिलता चौक रिंग रोड से पिस्का मोड़ की तरफ आने वाले भारी वाहनों को पंडरा बाजार तक ही आने की अनुमति होगी।
VVIP और अधिकारियों के लिए अलग रूट
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक, सांसदों और विधायकों के वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किया गया है। इन वाहनों के लिए एटीआइ मोड़, सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय मोड़ और राजकीय गेस्ट हाउस होते हुए समारोह स्थल के VVIP प्रवेश द्वार तक पहुंचने की व्यवस्था की गयी है। केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के वाहन हॉट लिप्स चौक, एटीआइ मोड़, रणधीर वर्मा चौक और उपायुक्त आवास चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
VVIP से लेकर आम लोगों तक के लिए अलग पार्किंग
प्रशासन ने समारोह में आने वाले वाहनों के लिए श्रेणीवार पार्किंग की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री के कारकेड और VVIP वाहनों के लिए मुख्य मंच के पीछे पार्किंग निर्धारित की गयी है। पदाधिकारियों के वाहन मंच के पश्चिम स्थित ऑक्सीजन पार्क के बगल में पार्क होंगे। नारंगी पास वाले वाहनों के लिए मुख्य मंच के पश्चिम और हरे पास वाले वाहनों के लिए बापू वाटिका के सामने पार्किंग तय की गयी है। मीडिया कर्मियों के वाहन बापू वाटिका के सामने आर्मी ग्राउंड से सटे स्थान पर पार्क होंगे। वहीं सामान्य वाहनों के लिए टीआरआइ के सामने मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गयी है।
ड्रॉप गेट और नो-पार्किंग जोन भी तय
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रांची में कई स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। ड्रॉप गेट संख्या 1, 3, 7, 9, 18, 20 और 23 से मुख्यमंत्री, VVIP, मीडिया कर्मियों और पासधारियों के वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। इसके अलावा अन्य ड्रॉप गेट से आम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक और रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी एंट्री गेट तक किसी भी वाहन की पार्किंग पर रोक लगायी है। हालांकि शहर के अन्य अंदरूनी मार्गों पर छोटे वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 15 अगस्त को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें, ताकि उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
Highlights



















