Hajipur Electricity Projects 2026: बिहार ऊर्जा विभाग के सचिव-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) अजय यादव ने बुधवार को हाजीपुर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था, निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं, सौर ऊर्जा योजनाओं और उपभोक्ता सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने दिघी स्थित विद्युत उपकेंद्र एवं ग्रिड उपकेंद्र, महुआ में निर्माणाधीन ग्रिड उपकेंद्र, बिदुपुर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित सोलर संयंत्रों और हाजीपुर ग्रामीण में आयोजित बिल सुधार कैंप का निरीक्षण किया।
दिघी ग्रिड और विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण
ऊर्जा सचिव ने दिघी स्थित विद्युत उपकेंद्र एवं ग्रिड उपकेंद्र का निरीक्षण कर बिजली आपूर्ति की स्थिति और उपकेंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान तकनीकी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत व्यवस्था की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।
महुआ में निर्माणाधीन ग्रिड की प्रगति देखी
महुआ में निर्माणाधीन ग्रिड उपकेंद्र का निरीक्षण करते हुए अजय यादव ने परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने का निर्देश दिया। ऊर्जा सचिव ने कहा कि विद्युत परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने को कहा गया।
पीएम सूर्य घर योजना के सोलर संयंत्रों का जायजा
बिदुपुर प्रखंड में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं ULA मॉडल के तहत लगाए गए सौर ऊर्जा संयंत्रों का भी निरीक्षण किया गया। ऊर्जा सचिव ने लाभार्थियों से योजना के तहत मिल रहे लाभ की जानकारी ली और रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने तथा लोगों के बीच सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया।
बिल सुधार कैंप में सुनीं उपभोक्ताओं की समस्याएं
हाजीपुर ग्रामीण विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल में आयोजित बिल सुधार कैंप में ऊर्जा सचिव ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बिल सुधार से जुड़े मामलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
समस्तीपुर और वैशाली के अधिकारियों के साथ समीक्षा
दौरे के अंत में विद्युत आपूर्ति अंचल, समस्तीपुर और विद्युत संचरण अंचल, वैशाली के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बिजली आपूर्ति, संचरण व्यवस्था, निर्माणाधीन परियोजनाओं, उपभोक्ता सेवाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने, परियोजनाओं की नियमित निगरानी और उपभोक्ता शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: Jharkhad JPSC Radd News: JPSC नियुक्ति रद्द करने के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती, 342 सफल अभ्यर्थियों पर असर
Highlights



















