Sheohar Jeevika Didi: ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने गुरुवार को शिवहर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन किया और लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। मंत्री ने कहा कि जीविका ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक रूप से सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को कौशल, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
जीविका दीदियों के लिए सिलाई केंद्र का उद्घाटन
महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंत्री श्रवण कुमार ने अदौरी पंचायत में ‘जीविका दीदी का सिलाई घर (प्रशिक्षण-सह-उत्पादन केंद्र)’ का उद्घाटन किया। मंत्री के अनुसार, इस केंद्र से जुड़ी जीविका दीदियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पोशाक तैयार की जाएगी। इससे महिलाओं को काम का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए साधन विकसित होंगे। सिलाई केंद्र को प्रशिक्षण और उत्पादन दोनों से जोड़ने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य महिलाओं के हुनर को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में बदलना है।
462 जीविका समूहों को ₹5.85 करोड़ का क्रेडिट
कार्यक्रम के दौरान पुरनहिया प्रखंड के 462 जीविका समूहों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के तहत कुल ₹5,85,44,500 का डमी चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बिहार को विकास के क्षेत्र में आगे ले जाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
भूमिहीन लाभार्थियों को बासगीत पर्चा और जॉब कार्ड
कार्यक्रम के दौरान समाज के अंतिम पायदान पर खड़े भूमिहीन लाभार्थियों को भी लाभ दिया गया। मंत्री ने रीना देवी, मिश्र साह, निशा कुमारी, सती देवी सहित कई लाभार्थियों को बासगीत पर्चा प्रदान किया। इसके अलावा रणधीर कुमार, ध्रुपलाल ठाकुर सहित पांच लाभुकों को ‘वी बी-जी राम जी जॉब कार्ड’ का वितरण किया गया। मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके।
पुस्तकालय का उद्घाटन और छात्राओं से संवाद
पुरनहिया प्रखंड की बसंत जगजीवन पंचायत में मंत्री ने नवनिर्मित ‘श्री किशोर प्रभात पुस्तकालय’ का भी उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद विद्यालय की छात्राओं से मंत्री ने संवाद भी किया। उन्होंने छात्राओं की शिक्षा की स्थिति और राज्य सरकार की ओर से विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी एवं जागरूकता पर चर्चा की।

जिला प्रशासन ने भी जताया आभार
मंत्री के दौरे के दौरान उप विकास आयुक्त-सह-प्रभारी जिला पदाधिकारी संजय कुमार ने उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि मंत्री के हाथों जीविका दीदी के सिलाई घर का उद्घाटन शिवहर जिले और जीविका दीदियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं के हुनर को प्रोत्साहन मिलेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। उनके अनुसार, मंत्री के मार्गदर्शन में जिले में आगे भी ऐसे सिलाई केंद्र खोलने की दिशा में काम किया जाएगा। शिवहर पहुंचने पर मंत्री का जिला प्रशासन की ओर से सर्किट हाउस में स्वागत किया गया। उन्हें पुलिस बल की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, 20 सूत्री उपाध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी फूल एवं शॉल देकर उनका स्वागत किया।



















