Jamunia High Wall Illegal Coal Mining: बीसीसीएल के ब्लॉक दो क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और इससे जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए शनिवार को सीआईएसएफ के डीआईजी राजेश मिश्रा और बीसीसीएल के जीएम सिक्योरिटी मो. हफिजूल कुरैशी ने जमुनिया हाई वाल पैच का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। सीआईएसएफ डीआईजी ने अवैध गतिविधियों वाले स्थलों की पहचान कर वहां प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील स्थलों और कोयला निकासी के रास्तों की ली जानकारी
डीआईजी राजेश मिश्रा ने अधिकारियों से जमुनिया हाई वाल पैच के आसपास मौजूद संवेदनशील स्थानों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोग कोयला निकालने और उसे बाहर भेजने के लिए किन रास्तों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी मजबूत करने का निर्देश दिया।
गश्ती और क्यूआरटी की जवाबदेही बढ़ाने के निर्देश
सीआईएसएफ अधिकारियों को नियमित गश्ती तेज करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही क्यूआरटी टीम की जवाबदेही तय करने और क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। डीआईजी ने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती और बीसीसीएल तथा सीआईएसएफ के बीच संयुक्त कार्रवाई के जरिए अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर जोर दिया।
जमुनिया क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ने की सूचना के बाद निरीक्षण
बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से जमुनिया हाई वाल पैच के आसपास अवैध गतिविधियां बढ़ने की सूचना मिल रही थी। इसकी जानकारी कोयला भवन मुख्यालय और सीआईएसएफ के वरीय अधिकारियों तक पहुंचने के बाद क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य संवेदनशील स्थानों की स्थिति का जायजा लेना और वहां सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदमों की समीक्षा करना था।
अधिकारियों ने मौके पर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
निरीक्षण के दौरान समादेष्टा अजय सिंह, समादेष्टा पीके त्रिपाठी, उप समादेष्टा पुष्पेंद्र सिंह और ब्लॉक दो के जीएम कुमार रंजीव मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सुरक्षा बल की तैनाती, गश्ती और निगरानी व्यवस्था से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी ली।
कोयला चोरी रोकने के लिए अभियान पर जोर
धनबाद कोयलांचल में कोयला चोरी की शिकायतों के बीच अवैध कारोबार पर रोक लगाने को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कोयला चोरी की शिकायतों को लेकर केंद्रीय स्तर पर भी बैठक हो चुकी है। बीसीसीएल और सीआईएसएफ की ओर से पुलिस सहयोग से संबंधित मुद्दे उठाए जाने की बात भी सामने आई है। कोयला चोरी रोकने के लिए सीआईएसएफ को विशेष अभियान की जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस अधिकारी राजेश मिश्रा को बीसीसीएल-सीआईएसएफ का डीआईजी बनाकर भेजे जाने के बाद कोयला चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विशेष रूप से आउटसोर्सिंग कंपनियों से होने वाली कोयला चोरी की शिकायतों पर भी निगरानी बढ़ाने की बात कही जा रही है।


















