रांची के JSCA स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच होगा। इस बार करीब 3800 कॉम्प्लिमेंट्री पास बांटने की तैयारी है।
JSCA Stadium रांची: जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला खेला जायेगा। मैच को लेकर टिकट और पास व्यवस्था को लेकर इस बार जेएससीए ने नई रणनीति तैयार की है। करीब 39,500 दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में लगभग 3,800 कॉम्प्लिमेंट्री पास बांटने की तैयारी है। यह स्टेडियम की कुल क्षमता का करीब 9.6 प्रतिशत है।
पिछले वर्ष 30 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान करीब 10 हजार पास बांटे गये थे। इस बार पास की संख्या सीमित होने से वीआईपी, वीवीआईपी, संघ के सदस्यों, मीडिया, विभिन्न संस्थाओं और अतिथियों के कोटे पर असर पड़ सकता है।
JSCA Stadium: BCCI नियम के तहत पास की संख्या 10 प्रतिशत तक सीमित
बीसीसीआई के नियम के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय मैच में कॉम्प्लिमेंट्री या फ्री पास की संख्या कुल सिटिंग कैपेसिटी के 10 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। जेएससीए स्टेडियम की क्षमता करीब 39,500 है। इस हिसाब से अधिकतम करीब 3,950 कॉम्प्लिमेंट्री पास की सीमा बनती है।
जेएससीए की ओर से करीब 3,800 पास बांटने का प्रस्ताव इसी निर्धारित सीमा के भीतर है। इससे पिछले मैच की तुलना में इस बार कॉम्प्लिमेंट्री पास की संख्या काफी कम रहेगी।
जेएससीए में पहले से तैयार पास की सूची को भी रिवाइज किया जा रहा है। अलग-अलग श्रेणियों के लिए कोटा तय होने के बाद अंतिम सूची तैयार की जायेगी।
Key Highlights
- 9 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज T20 मुकाबला होगा।
- स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 39,500 है।
- इस बार करीब 3,800 कॉम्प्लिमेंट्री पास बांटने की तैयारी है।
- 2025 में भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान करीब 10 हजार पास बांटे गये थे।
- पास वितरण की जिम्मेदारी इस बार पूरी JSCA कमेटी संभालेगी।
JSCA Stadium: VIP से मीडिया तक इन श्रेणियों पर पड़ेगा असर
कॉम्प्लिमेंट्री पास की संख्या कम होने का असर कई श्रेणियों पर पड़ सकता है। वीआईपी और वीवीआईपी के अलावा संघ के सदस्यों, मीडिया, विभिन्न संस्थाओं और अतिथियों के लिए उपलब्ध पास की संख्या भी सीमित हो सकती है।
इस बार पास के पूरे मैनेजमेंट की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति को नहीं दी गयी है। जेएससीए अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव के नेतृत्व वाली पूरी कमेटी पास वितरण की प्रक्रिया देखेगी। श्रेणीवार कोटा तय करने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किस वर्ग को कितने पास मिलेंगे।
JSCA Stadium: पिछले मैच के बाद उठे थे पास वितरण पर सवाल
30 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए वनडे मैच के बाद टिकट और पास वितरण व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। जेएससीए के निष्कासित सदस्य एसबी सिंह ने फ्री पास वितरण में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए रांची एसएसपी से शिकायत की थी।
उन्होंने दावा किया था कि स्टेडियम की क्षमता के मुकाबले बड़ी संख्या में फ्री पास बांटे गये। अधिवक्ता धीरज कुमार की ओर से भी टिकट वितरण में कथित गड़बड़ी और दर्शकों को हुई परेशानी का मुद्दा उठाया गया था। मामले में व्यवस्था की जांच की मांग की गयी थी।
इन घटनाओं के बाद पास वितरण व्यवस्था को लेकर जेएससीए पर सार्वजनिक दबाव बढ़ा था। इस बार पास की संख्या सीमित रखने के साथ पूरी कमेटी को इसकी जिम्मेदारी देने की तैयारी है।
JSCA Stadium: Crowd Management पर भी रहेगा जोर
जेएससीए ने भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए टिकटिंग और एक्रिडिटेशन व्यवस्था को लेकर टेंडर जारी किया है। टिकट और पास के साथ प्रवेश व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है।
पिछले मैचों के दौरान भीड़ और प्रवेश को लेकर सामने आये अनुभवों को देखते हुए इस बार क्राउड मैनेजमेंट पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


















