JTET 2026: 1 नवंबर को होगी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा, एडमिट कार्ड में गड़बड़ी से परेशान अभ्यर्थी

 झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 1 नवंबर को होगी। अंग्रेजी से स्नातक अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में शिक्षक कोटि सामाजिक अध्ययन दर्ज होने से परेशानी बढ़ी।


JTET 2026 रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) एक नवंबर को आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बीच एडमिट कार्ड में विषय, शिक्षक की कोटि और आधार नंबर समेत अन्य जानकारियों में गड़बड़ी से अभ्यर्थी परेशान हैं। शुक्रवार को राज्य के अलग-अलग जिलों से कई अभ्यर्थी शिकायत लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) कार्यालय पहुंचे। इनमें ऐसे अभ्यर्थियों की संख्या भी काफी थी, जिन्होंने अंग्रेजी विषय से स्नातक किया है, लेकिन उनके एडमिट कार्ड में शिक्षक की कोटि सामाजिक अध्ययन दर्ज है। अभ्यर्थियों ने जैक कार्यालय में आवेदन देकर सुधार की मांग की है।

JTET 2026:JTET Admit Card में गड़बड़ी, अंग्रेजी के अभ्यर्थियों की कोटि सामाजिक अध्ययन

अभ्यर्थियों के अनुसार, उन्होंने आवेदन करते समय सही विषय और शिक्षक की कोटि का चयन किया था। इसके बावजूद प्रवेश पत्र में गलत जानकारी दर्ज हो गई है। कुछ अभ्यर्थियों का कहना है कि आवेदन के दौरान सही विकल्प उपलब्ध नहीं था या चयन प्रक्रिया में विसंगति रह गई।

अभ्यर्थियों को आशंका है कि यदि प्रवेश पत्र में दर्ज शिक्षक की कोटि में सुधार नहीं हुआ, तो परीक्षा पास करने के बाद भी सहायक आचार्य की नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होने में परेशानी हो सकती है। उनका कहना है कि यदि प्रमाणपत्र में शिक्षक की कोटि सामाजिक अध्ययन दर्ज हो जाती है, जबकि उन्होंने अंग्रेजी भाषा से संबंधित विषय में परीक्षा दी है, तो भविष्य में नियुक्ति के समय समस्या उत्पन्न हो सकती है।

इन्हीं विसंगतियों को दूर कराने के लिए अभ्यर्थियों ने जैक कार्यालय में आवेदन जमा कराए हैं।

JTET 2026:जमशेदपुर से साहेबगंज तक के अभ्यर्थी पहुंचे जैक कार्यालय

एडमिट कार्ड में सुधार की मांग को लेकर शुक्रवार को राज्य के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी रांची स्थित जैक कार्यालय पहुंचे।

जमशेदपुर से आए सुमित मिश्रा ने अंग्रेजी विषय से ऑनर्स की पढ़ाई की है। उन्होंने बताया कि उनके प्रवेश पत्र में विषय सही है, लेकिन शिक्षक की कोटि सामाजिक अध्ययन दर्ज कर दी गई है।

साहेबगंज से पहुंचे बिट्टू गोराई ने भी बताया कि उन्होंने अंग्रेजी विषय से स्नातक किया है, लेकिन उनके प्रवेश पत्र में सामाजिक विज्ञान कोटि के शिक्षक के रूप में जानकारी दर्ज है।

इसके अलावा गिरिडीह से सुखदेव यादव, गोड्डा से रितू राज, दुमका से कृति कुमारी, रांची से प्रिया स्वाति मिंज और गुमला से नूतन बारला भी प्रवेश पत्र में विसंगतियों के सुधार की मांग लेकर जैक कार्यालय पहुंचे।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने सुधार के लिए आवेदन जमा कर दिया है, लेकिन उन्हें आवेदन जमा करने की रसीद भी नहीं दी गई।


Key Highlights

  1. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 1 नवंबर को आयोजित होगी।
  2. एडमिट कार्ड में विषय, शिक्षक की कोटि और आधार नंबर से जुड़ी विसंगतियों की शिकायतें सामने आई हैं।
  3. अंग्रेजी से स्नातक कई अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में शिक्षक की कोटि सामाजिक अध्ययन दर्ज है।
  4. राज्य के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी सुधार की मांग लेकर जैक कार्यालय पहुंचे।
  5. जैक सचिव एसडी तिग्गा ने कहा कि शिक्षक की कोटि से जुड़ी शिकायतों पर परीक्षा के बाद विचार किया जाएगा।

JTET 2026:JAC सचिव ने कहा, परीक्षा के बाद मामलों पर होगा विचार

झारखंड एकेडमिक काउंसिल के सचिव एसडी तिग्गा ने बताया कि अभ्यर्थियों की ओर से अलग-अलग प्रकार की विसंगतियों को लेकर आवेदन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक की कोटि से जुड़ी गड़बड़ी के कई मामलों में अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन के दौरान गलत कोटि का चयन किया गया है। ऐसे मामलों में आवेदन में विषय सही है, लेकिन शिक्षक की कोटि गलत दर्ज है।

सचिव के अनुसार, इन मामलों पर परीक्षा के बाद विचार किया जाएगा। ऐसे में फिलहाल अभ्यर्थियों को सुधार के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

Jio IPO Record: कमजोर बाजार में जियो IPO ने मचाया धमाल,...

 Jio IPO में 7.40 लाख करोड़ रुपये की रिकॉर्ड मांग आई। 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन और 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन के बाद 26 अक्टूबर...

Bihar Bank Ranking: 100 अंकों के मापन सूचकांक में IDFC फर्स्ट...

 बिहार में 100 अंकों के मापन सूचकांक से बैंकों की रैंकिंग तय हुई। IDFC फर्स्ट बैंक 74 अंकों के साथ टॉप पर रहा, जबकि...

WhatsApp SIM Binding Rule: 1 जनवरी 2027 से बदल सकता है...

 WhatsApp और Telegram के लिए SIM Binding Rule लागू करने की तैयारी है। 31 दिसंबर 2026 तक तकनीकी बदलाव और 1 जनवरी 2027 से...