Advertisement
Advertisement
Advertisement

Jeevika Second Chance Program: 37 साल की गुड़िया देवी बनीं मैट्रिक टॉपर, 50 पार की महिलाओं ने भी रचा सफलता का इतिहास

Rural Development Department, Patna

Jeevika Second Chance Program, पटना: पढ़ाई बीच में छूट जाने के बाद भी बिहार की महिलाओं ने साबित कर दिया है कि शिक्षा हासिल करने की कोई उम्र नहीं होती। जीविका के सेकेंड चांस कार्यक्रम के तहत राज्य की 958 महिलाओं ने मैट्रिक परीक्षा पास कर एक नई मिसाल कायम की है। परीक्षा में शामिल महिलाओं में सफलता का प्रतिशत 93 फीसदी से अधिक रहा। खास बात यह है कि सफल होने वाली महिलाओं में 30 साल से अधिक उम्र की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं। इनमें 50 साल से ज्यादा उम्र की महिलाएं भी हैं, जिन्होंने पारिवारिक और घरेलू जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई पूरी कर सफलता हासिल की।

20 जिलों के 87 प्रखंडों में चलाया गया कार्यक्रम

बिहार में जीविका और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के आपसी सहयोग से सेकेंड चांस कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में यह पहल राज्य के 20 जिलों के 87 प्रखंडों में लागू की गई। कार्यक्रम के तहत कुल 1,320 महिलाओं का पंजीकरण हुआ था। इनमें से 1,081 महिलाओं के मैट्रिक परीक्षा के फॉर्म भरे गए। बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबीओएसई) की मैट्रिक परीक्षा में कुल 1,029 महिलाएं शामिल हुईं। इनमें से 958 महिलाओं ने सफलता हासिल की। इस तरह परीक्षा में शामिल महिलाओं का सफलता प्रतिशत लगभग 93.1 रहा। यह परिणाम उन महिलाओं के लिए भी प्रेरणा है, जिनकी पढ़ाई किसी कारणवश अधूरी रह गई थी।

Jeevika Second Chance Program 1

558 महिलाओं ने प्रथम श्रेणी में हासिल की सफलता

सेकेंड चांस कार्यक्रम के तहत सफल महिलाओं ने अलग-अलग श्रेणियों में अच्छे अंक प्राप्त किए। कुल 958 सफल महिलाओं में से 558 ने प्रथम श्रेणी, 357 ने द्वितीय श्रेणी और 43 ने तृतीय श्रेणी में मैट्रिक परीक्षा पास की। यह आंकड़ा बताता है कि महिलाओं ने परीक्षा की तैयारी में गंभीरता और मेहनत के साथ हिस्सा लिया। छह जिलों बांका, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, समस्तीपुर और वैशाली का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इन जिलों में परीक्षा में शामिल हुईं सभी महिलाएं सफल रहीं। वहीं, पश्चिम चंपारण जिले से सबसे अधिक 223 महिलाएं परीक्षा में शामिल हुईं, जिनमें 212 ने मैट्रिक पास किया।

30 से 50 साल से अधिक उम्र की महिलाओं ने रचा इतिहास

इस कार्यक्रम की सबसे खास उपलब्धि उम्र की सीमा को पीछे छोड़कर पढ़ाई पूरी करने वाली महिलाओं की सफलता रही। परीक्षा में शामिल कुल 1,029 महिलाओं में से 739 महिलाएं यानी लगभग 72 प्रतिशत 30 साल या उससे अधिक उम्र की थीं। इनमें 484 महिलाएं 30 से 39 वर्ष, 227 महिलाएं 40 से 49 वर्ष और 28 महिलाएं 50 साल से अधिक उम्र की थीं। घर-परिवार की जिम्मेदारियों और रोजमर्रा की व्यस्तताओं के बीच इन महिलाओं ने पढ़ाई के लिए समय निकाला। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया कि शिक्षा प्राप्त करने के लिए उम्र कभी बाधा नहीं होनी चाहिए। जिन महिलाओं को पहले पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी, उनके लिए यह कार्यक्रम दोबारा शिक्षा से जुड़ने का अवसर बना।

Jeevika Second Chance Program

गुड़िया देवी बनीं बोर्ड टॉपर, नेहा देवी दूसरे स्थान पर

जीविका के सेकेंड चांस कार्यक्रम में वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग की 37 वर्षीय गुड़िया देवी ने 500 में 450 अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी के साथ बोर्ड में पहला स्थान हासिल किया। समस्तीपुर जिले के मोरवा की 37 वर्षीय नेहा देवी 444 अंक लाकर दूसरे स्थान पर रहीं। पश्चिम चंपारण के बगहा की 41 वर्षीय रंजीता देवी ने 443 अंक प्राप्त किए। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा की 44 वर्षीय रेखा देवी ने 441 अंक हासिल कर प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की। वहीं, पश्चिम चंपारण के बगहा की 25 वर्षीय पुनीता देवी ने 431 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। इन सभी महिलाओं ने अपनी मेहनत से कार्यक्रम की उपलब्धि को और खास बना दिया।

शिक्षा से बढ़ेगा महिलाओं का आत्मविश्वास और आजीविका का अवसर

ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जिन जीविका दीदियों की मैट्रिक पास करने की इच्छा कठिन परिस्थितियों, मजबूरियों या पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अधूरी रह गई थी, उन्हें सेकेंड चांस कार्यक्रम के माध्यम से पढ़ाई पूरी करने का अवसर दिया जा रहा है। बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के जरिए महिलाएं अपने सपनों को साकार कर रही हैं। मंत्री ने कहा कि शिक्षा से महिलाओं के आजीविका के अवसर मजबूत होंगे। इसके साथ ही उनका आत्मविश्वास, आमदनी और आत्मसम्मान भी बढ़ेगा। पिछले वर्षों में कार्यक्रम को मिली सफलता को देखते हुए इसे और व्यापक स्तर पर संचालित करने की योजना है।

यह भी पढ़ें: Bihar Women Archery Team: दो टीमों को हराकर बिहार की बेटियों ने बनाई पदक की राह, अब मणिपुर से होगी निर्णायक भिड़ंत

Commercial Advertisment

Bihar Women Archery Team: दो टीमों को हराकर बिहार की बेटियों...

Bihar Women Archery Team, पटना: महिला इंडियन राउंड तीरंदाजी स्पर्धा में बिहार की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक की उम्मीदें कायम रखी...

Bihar New Sugar Mills: बिहार के दो जिलों में खुलेगी नई...

Bihar New Sugar Mills, पटना: बिहार में चीनी उद्योग को फिर से गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी...

National Press Day Bihar 2026: लोकप्रियता के लिए पत्रकारिता से समझौता...

National Press Day Bihar 2026, पटना: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में सोमवार, 16 नवंबर को परिचर्चा...