Ranchi– मांडर विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस की उम्मीदवार शिल्पी नेहा तिर्की ने शपथ ग्रहण कर लिया. विधान सभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने शपथ ग्रहण की औपचारिकता पूरी करवायी.
खबर यह भी है कि झारखंड में जनजातीय भाषाओं की वकालत करते रहे बंधु तिर्की की विरासत को संभालने का दावा करने वाली शिल्पी नेहा तिर्की ने अपना शपथ जनजातीय भाषाओं से हटकर अंग्रेजी में लिया. इस अवसर पर शिल्पी नेहा तिर्की ने यह भी कहा कि फिलहाल पर अंग्रेजी में अपने आप को सहज पाती है, लेकिन 2024 में वह अपना शपथ कुडुख भाषा में ग्रहण करेंगी.

यहां बता दें कि यह सीट नेहा शिल्पी तिर्की के पिता और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की की सदस्यता गंवाने कारण खाली हुई थी. बंधु तिर्की को आय से अधिक संपत्ति के मामले में अपनी सदस्यता गंवानी पड़ी थी.
इसके बाद हुए उपचुनाव में नेहा शिल्पी तिर्की ने अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा की गंगोत्री कुजूर को भारी मतों से पराजित किया था. अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने से पहले नेहा शिल्पी तिर्की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती थी, अब मल्टीनेशनल कंपनी के जॉब के निकल कर उन्हे राजनीति की बिहड़ों में भटकना होगा. माना यह जाता है कि आम धारणा के विपरीत राजनीति बेहद श्रमसाध्य कार्य है. यहां आपको अपने मतदाताओं की उम्मीदों पर खरा उतरना होता है और नेहा शिल्पी तिर्की के मतदाताओं की भाषा निश्चित रुप से अंग्रेजी नहीं है. इस प्रकार यह साफ है कि नेहा को अपने मतदाताओं से जुड़ने के लिए अभी अपने आप में कई बदलाव लाना होगा.

















