प्रेमी को मिलने बुलाया घर और परिजनों के साथ मिलकर कर दी उसकी हत्या
छपरा : सारण जिले में एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी को मिलने के लिए घर बुलाया और अपने परिजनों के साथ मिलकर प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया । प्रेमी के परिजनों को जब इस मामले की जानकारी हुई तो पानी भरे गड्ढे से युवक को निकाल कर अस्पताल पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या जहर देकर की गयी है।
ये मामला सारण जिला के मढौरा और छपरा मुफस्सिल थाना से जुड़ा हुआ है। प्रेमी के परिजनों की माने तो उनके लड़के को लड़की ने अपने घर बुलाया जहाँ प्रेमिका के परिजनों ने पहले तो जमकर उसकी पिटाई की और जहर खिला दिया। पिटाई और जहर से बेसुध प्रेमी को प्रेमिका के परिजनों ने घर से कुछ ही दूर एक पानी भरे बड़े गढ्ढे में फेंक दिया। जिसकी सूचना उसी गाँव मे रहने वाली प्रेमी की मौसी को मिली तो वह मौके पर पहुंची और प्रेमिका के परिजनों के विरोध के बाद भी बेहोश प्रेमी को लेकर मढ़ौरा अस्पताल पहुंची जहाँ से बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर किया गया। लेकिन प्रेमी ने रास्ते मे ही दम तोड़ दिया।
मृतक प्रेमी छपरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसहिया निवासी तारकेश्वर शर्मा का 23 वर्षीय पुत्र पप्पू शर्मा बताया जा रहा है, जिसे मढ़ौरा थाना क्षेत्र के बरदहिया की रहने वाली युवती से प्रेम हो गया था। मृतक पप्पू शर्मा की मौसी की शादी बरदहिया में ही हुई थी और मौसी के घर आने जाने के क्रम में बरदहिया निवासी बंशी शर्मा की पुत्री से उसे प्रेम हो गया। हालांकि पुलिस इस मामले में ठोस जानकारी के बिना अभी कुछ भी बोलने को तैयार नही है।
रिपोर्ट : रणजीत कुमार
Highlights


















