रांची : सेना भर्ती रैली – भारतीय सेना में भर्ती के लिए रांची में 27 जुलाई से रैली का आयोजन किया जाएगा। 10 अगस्त तक चलने वाली इस रैली को सफल बनाने के लिए एडीएम विधि व्यवस्था राजेश्वर नाथ आलोक और एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने सेना के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसमें एसडीओ ने युवाओं को सेना भर्ती के दौरान दलालों से दूर रहने की सलाह दी। बैठक में सेना के डायरेक्टर रिक्रूटमेंट कर्नल विकास भोला ने कहा कि रांची के युवा ज्यादा से ज्यादा सेना में भर्ती होकर अपना भविष्य बनाएं, इसलिए रैली का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने सेना भर्ती रैली में भाग लेने वाले युवाओं की मौलिक सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्था बेहतर करने की बात कही। इस दौरान विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था, भर्ती स्थल की चौतरफा सुरक्षा, सीजीआई शीट बैरिकेडिंग, रैली ग्राउंड में 1.6 किमी रनिंग एरिया बनाने, मेडिकल कवर के लिए रैली स्थल पर एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम को तैनात करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रैली के सभी दिनों में सुबह चार बजे से ये व्यवस्था होनी चाहिए। एडीएम ने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी तरह की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।


















