Saturday, May 31, 2025

रांची में 16वें वित्त आयोग की बैठक से पहले बोले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर: झारखंड को नेशनल एवरेज तक पहुंचाने में आयोग निभाए अहम भूमिका

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में आज 16वें वित्त आयोग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक से पूर्व राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि आयोग की टीम और उसके सम्मानित अध्यक्ष झारखंड पहुंचे हैं। हर पांच वर्षों में वित्त आयोग राज्यों का दौरा कर उनकी वित्तीय स्थिति का मूल्यांकन करता है और भारत सरकार को आगामी पांच वर्षों के लिए अनुशंसा भेजता है। उसी प्रक्रिया के तहत यह बैठक बुलाई गई है।

राज्य सरकार ने इस बैठक के लिए व्यापक तैयारी की है। मंत्री किशोर ने बताया कि झारखंड सरकार के 23 विभागों ने मिलकर विस्तृत मेमोरेंडम तैयार किया है, जिसे आज आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। यह मेमोरेंडम राज्य की राजस्व प्राप्तियों, केंद्र सरकार से प्राप्त अनुदान, केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी तथा सामाजिक-आर्थिक स्थिति जैसे पहलुओं पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कोशिश है कि झारखंड के आर्थिक पक्ष को मजबूती से और एक स्वर में आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। पीपीटी के माध्यम से राज्य की आगामी योजनाओं की रूपरेखा आयोग को दी जाएगी। वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि जिन सूचकांकों (इंडिकेटर्स) में झारखंड पिछड़ा हुआ है, उनमें सुधार लाने और झारखंड को राष्ट्रीय औसत (नेशनल एवरेज) तक पहुंचाने में वित्त आयोग की भूमिका बेहद अहम है।

मंत्री ने उम्मीद जताई कि आयोग राज्य की जरूरतों को समझेगा और उसके अनुरूप अनुशंसा करेगा ताकि झारखंड की विकास यात्रा को गति मिल सके।


बिहार न्यूज़, बिहार की ताजा खबरें, पटना ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार चुनाव समाचार, बिहार राजनीति, बिहार मौसम, बिहार शिक्षा समाचार, झारखंड न्यूज़, झारखंड की ताजा खबरें, रांची समाचार, झारखंड सरकार, झारखंड ब्रेकिंग न्यूज़, जमशेदपुर खबरें, धनबाद न्यूज़, हेमंत सोरेन न्यूज़